राजस्थान के बालोतरा में शनिवार (4 जुलाई) को देश को पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी मिलेगी. पचपदरा रिफाइनरी के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान को ₹1 लाख करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे. ना सिर्फ रिफाइनरी, बल्कि मेट्रो और एयरपोर्ट के लिहाज से भी राज्य का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा. पीएम मोदी जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे. सुबह 10:30 बजे जोधपुर वायुसेना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, यहां पुराने टर्मिनल से ई-कार्ट के जरिए नए टर्मिनल तक जाएंगे. जानिए पीएम मोदी के दौरे से राजस्थान को क्या कुछ मिलने वाला है.

जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन 480 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार है.
13 साल का इंतजार खत्म होगा
पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान की ना सिर्फ तस्वीर बदलेगी, बल्कि देश के पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाने वाली मानी जा रही है. इस परियोजना की शुरुआत 22 सितंबर 2013 को हुई. तब करीब 37 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली रिफाइनरी का शिलान्यास किया गया था. इसके बाद 2017 में नया वित्तीय मॉडल तैयार किया गया, जिसमें हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की 74 प्रतिशत और राजस्थान सरकार की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी तय हुई. तब इसकी लागत बढ़कर 43,129 करोड़ रुपये हो चुकी थी. कोविड-19 और अन्य कारणों से काम भी प्रभावित हुआ, लेकिन करीब 79,459 करोड़ रुपये की लागत के साथ प्रोजेक्ट का काम पूरा हो गया.
राजस्थान के विकास को गति देने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का 4 जुलाई 2026 को वीर धरा राजस्थान में आगमन हो रहा है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 3, 2026
कल का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री जी राजस्थान को ₹1 लाख करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की भव्य सौगात… pic.twitter.com/yUoegxs6yd
जानिए रिफाइनरी से जुड़ी खास बातें
- 9 एमएमटीपीए की क्षमता वाली देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी
- 2.4 एमएमटीपीए पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता
- 16 लाख घन मीटर कंक्रीट और लगभग 3 लाख मीट्रिक टन स्टील का इस्तेमाल
- निर्माण के दौरान करीब 35 हजार लोगों को सीधा रोजगार, जबकि 1 लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित
- राजस्थान पेट्रो जोन, प्लास्टिक पार्क और डाउनस्ट्रीम उद्योगों सेक्टर को मिलेगी मजबूती

बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण
41 लंबे मेट्रो कॉरिडोर से जुड़ेगा जयपुर
इस मौके पर जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 का वर्चुअल शिलान्यास भी होगी. परियोजना की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रुपये से अधिक है. प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र सीतापुरा और वीकेआईए को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. एयरपोर्ट के पास अंडरग्राउंड स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे शहर का मेट्रो नेटवर्क अधिक एकीकृत और आधुनिक बनेगा.
यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी का आज राजस्थान दौरा, करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात, पढ़िए प्रधानमंत्री के दौरे की लाइव अपडेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं