विज्ञापन

रात 11.04 बजे से 12.32 तक... वो 88 मिनट जिसमें NEET पेपर लीक से जुड़े 4 बड़े एक्शन हुए

नीट पेपर लीक से जुड़े मामले पर PM मोदी ने छात्रों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है. वहीं, 26 दिन से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक ने अब अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी है.

रात 11.04 बजे से 12.32 तक... वो 88 मिनट जिसमें NEET पेपर लीक से जुड़े 4 बड़े एक्शन हुए
प्रधानमंत्री मोदी और अनशन तोड़ते सोनम वांगचुक.
नई दिल्ली:

नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच गुरुवार देर रात को ताबड़तोड़ एक के बाद एक एक्शन हुए. 

सरकार ने पेपर लीक से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट भी बना दी और आखिरकार 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने अनशन भी तोड़ दिया. इससे पहले शिक्षा सचिव का भी ट्रांसफर हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीडियो मैसेज जारी कर छात्रों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

रात 11 बजकर 4 मिनट पर शिक्षा विभाग के सचिव के तबादले की खबर आई और 12 बजकर 32 मिनट पर सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ने की खबर भी आ गई. 

82 मिनट में कब क्या-क्या हुआ?

11 बजकर 04 मिनट: केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में शिक्षा सचिव विनीत जोशी का ट्रांसफर कर दिया. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को शिक्षा विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया. विनीत जोशी को अब पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है. उनके साथ-साथ 10 और सीनियर IAS अफसरों के तबादले किए गए.

Latest and Breaking News on NDTV

11 बजकर 10 मिनट: पेपर लीक से जुड़े मामलों के ट्रायल के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट को नोटीफाई किया गया. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाएगी. दिल्ली हाई कोर्ट ने तीस हजारी कोर्ट के मीडिएशन सेंटर की इंचार्ज जज जस्टिस अनु ग्रोवर बालीगा का तबादला राउज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल जज के तौर पर किया है. पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई यही करेंगी.

11 बजकर 52 मिनट: पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम एक वीडियो जारी किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कैबिनेट में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त फैसला लिया जाएगा.

12 बजकर 32 मिनट: सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने की खबर आई. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनका अनशन तुड़वाया. वांगचुक 26 दिन से अनशन कर रहे थे. अनशन तोड़ने के बाद उन्होंने कहा कि शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए अनशन तोड़ा है. 

अब आज क्या होगा?

शुक्रवार का दिन भी काफी हलचल भरा रहने वाला है. शुक्रवार को ही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है. 

CJP ने एक पोस्टर जारी कर लोगों से सभी जिलों और शहरों में शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है. 'Every District. One Day. One Demand' का नारा दिया गया है. प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ मारपीट का विरोध करने की अपील की गई है.

इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा चाक-चौबंद है. दिल्ली मेट्रो ने सुबह 7:30 बजे से ही 16 मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए हैं. 

इसके अलावा, शुक्रवार को ही कैबिनेट मीटिंग भी होनी है. यह मीटिंग इसलिए अहम है, क्योंकि इसमें पेपर लीक को लेकर सख्त फैसला लिया जा सकता है. पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान के साथ मसौदे पर शुक्रवार को कैबिनेट में चर्चा होगी. उन्होंने बताया कि इस बिल को जल्द से जल्द सदन में पास कराया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः कौन हैं नरेश पाल गंगवार, जिन्हें बनाया गया शिक्षा विभाग का नया सचिव? विनीत जोशी की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

यह भी पढ़ेंः क्या वाकई 'फास्ट' हैं फास्ट ट्रैक कोर्ट? जानिए पेपर लीक के मामलों में अब कितनी जल्दी मिलेगा इंसाफ
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Paper Leak, Sonam Wangchuk, PM Narendra Modi, CJP Protest, CJP Protest At Jantar Mantar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com