प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पारंपरिक 'राखी बंधवाने' वाला कार्यक्रम इस बार सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं दिखा. रक्षाबंधन के बाद पीएम मोदी ने खुद जो तस्वीरें और वीडियो साझा किए, उनमें वह बच्चों के साथ हाई-फाइव करते, हंसते-मुस्कुराते और बेहद सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आए. हर साल की तरह इस बार भी बच्चों ने प्रधानमंत्री को राखी बांधी, लेकिन समारोह के दौरान सामने आए कई पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए.
हाई-फाइव, मुस्कान और बच्चों के साथ हल्की-फुल्की बातचीत
प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर समारोह के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "High fives, smiles and more during today's Raksha Bandhan celebrations at 7, LKM." वीडियो में बच्चे काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं. कोई प्रधानमंत्री से हाथ मिला रहा है, कोई उनके साथ तस्वीर खिंचवा रहा है, तो कोई उनसे सवाल पूछ रहा है. वहीं पीएम मोदी भी पूरे समारोह में बच्चों के साथ घुले-मिले नजर आए.
High fives, smiles and more during today's Raksha Bandhan celebrations at 7, LKM. pic.twitter.com/dMTJHxlVhH
— Narendra Modi (@narendramodi) August 28, 2026
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने रक्षाबंधन को प्रेम, स्नेह और सौहार्द का पर्व बताते हुए कहा कि यह त्योहार समाज में अपनत्व और सद्भाव की भावना को और मजबूत करे. उन्होंने सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की. साथ ही कहा कि यह पावन पर्व लोगों के बीच विश्वास और आत्मीयता के रिश्तों को और गहरा बनाए.
Raksha Bandhan at LKM this morning.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 28, 2026
How did you mark this festival? pic.twitter.com/UOuRosAIJM
जब बच्चे ने पूछा- आपका बचपन का सपना क्या था?
समारोह के दौरान बच्चों और प्रधानमंत्री के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई. इसी दौरान एक बच्चे ने उनसे पूछा कि उनका बचपन का सपना क्या था. सवाल सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए और जवाब दिया, "आप लोगों से मिलने का." उनके इस जवाब पर वहां मौजूद बच्चे भी मुस्कुरा उठे और माहौल तालियों तथा ठहाकों से गूंज उठा. इससे पहले प्रधानमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता लेकर आए. उन्होंने कामना की कि प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास का बंधन हमेशा अटूट बना रहे.
राष्ट्रपति मुर्मू ने भी बच्चों के साथ मनाया रक्षाबंधन
उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं के बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया. राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन का महत्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा कि राखी परिवार के सदस्यों, मित्रों और यहां तक कि पेड़ों को भी बांधी जा सकती है, क्योंकि यह प्रेम और देखभाल का प्रतीक है. राष्ट्रपति ने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी साझा किया और उन्हें पौधों तथा पेड़ों की देखभाल के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता भी हमारे सामाजिक संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
ये भी पढ़ें: रक्षा बंधन पर बहन अलवीरा के घर पहुंचे सलमान खान, मां हेलेन भी साथ आईं नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं