- मोबाइल पर स्क्रैच आने से भड़की मां
- बेटी को 12 सेकेंड में 8 थप्पड़, बेटे को भी पीटा
- राजस्थान में तैनात सैनिक पिता ने देखा CCTV, पत्नी पर लगाए आरोप
हरियाणा के फरीदाबाद में बच्चों के साथ कथित मारपीट का एक मामला चर्चा में है. आरोप है कि मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच आने से नाराज मां ने अपने दो छोटे बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें मां बच्चों को लगातार थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है. बच्चों के रोने और चीखने की आवाज सुनकर एक पड़ोसी युवक भी मौके पर पहुंच गया. बच्चों के पिता, जो भारतीय सेना में नायक के पद पर तैनात हैं, ने पत्नी पर पहले भी बच्चों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मामला फरीदाबाद के नगला पार्ट-2 इलाके का बताया जा रहा है. आरोप है कि 27 सितंबर की शाम घर में मौजूद 6 साल की बेटी मोबाइल चला रही थी. इसी दौरान उसकी मां सोनिया वहां पहुंची और मोबाइल की स्क्रीन पर स्क्रैच देख गुस्से में भड़क जाती है. इसके बाद वह फेंककर बच्चों को मारने लगती है.

मोबाइल का स्क्रैच देखने के बाद फोन फेंकते हुए मां
Photo Credit: CCTV वीडियो

बच्चे को लगातार थप्पड़ मारते हुए मां
Photo Credit: CCTV वीडियो
बच्चों की चीख-पुकार सुन पहुंचा पड़ोसी
घटना के दौरान दोनों बच्चे जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगे. बताया गया है कि बच्चों की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर पहुंचा. युवक ने कथित तौर पर महिला को बच्चों को नहीं मारने की बात कही. इसके बाद मामला शांत हुआ. पूरी घटना घर के अंदर लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई.
सेना में तैनात हैं बच्चों के पिता
बच्चों के पिता सतबीर ने बताया कि वह भारतीय सेना में नायक हैं और वर्तमान में राजस्थान में तैनात हैं. उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में उनकी शादी सागरपुर निवासी सोनिया से हुई थी. इनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक 6 वर्षीय बेटी और 4 वर्षीय बेटा है.

आर्मी जवान परिवार के साथ
पहले भी मारपीट के आरोप
सतबीर का आरोप है कि उनकी पत्नी पहले भी बच्चों को छोटी-छोटी बातों पर पीटती रही है. उनका कहना है कि सेना में नौकरी के कारण वह लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी बच्चों और उनके माता-पिता के साथ रहती है. सतबीर के अनुसार उन्होंने पहले भी इस संबंध में पत्नी के मायके वालों से शिकायत की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.

बेटे के साथ फौजी पिता
तीन महीने पहले लगवाए थे कैमरे
सतबीर ने बताया कि बच्चों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने लगभग तीन महीने पहले घर में CCTV कैमरे लगवाए थे. इन्हीं कैमरों में यह पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया. घटना वाले दिन उनके माता-पिता अपने दूसरे घर नूंह गए हुए थे और घर में केवल मां और बच्चे मौजूद थे.
पत्नी के मायके वालों पर भी लगाए आरोप
सतबीर ने आरोप लगाया कि जब भी वह बच्चों के साथ मारपीट का विरोध करते हैं तो पत्नी के मायके वाले उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी जाती है.
दादा ने पुलिस चौकी में दी शिकायत
मामले को लेकर बच्चों के दादा बिशन सिंह ने पवर्तिया कॉलोनी चौकी में शिकायत दर्ज कराई है. परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस ने जांच शुरू की
चौकी इंचार्ज महेश के अनुसार शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. CCTV फुटेज, शिकायत और दोनों पक्षों के बयानों को जांच का आधार बनाया जा रहा है. बच्चों के पिता ने मामले में सख्त कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें : मोबाइल स्क्रीन छोटे बच्चों में ला रहा साइलेंट हेल्थ क्राइसिस, AIIMS के डॉक्टर्स ने दी बड़ी चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं