प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में एक ऐसे युवक से बात की, जो नशे की लत में था. उसका कहना था कि मैंने नशे पर काबू पाया और आज उससे पूरी तरह मुक्त हो गया हूं. इस लत पर पीएम मोदी ने कहा कि नशा युवाओं के सपनों की राह में बड़ी चुनौती है.पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दौरान Igotkarmyogi पर भी बात की. इस प्लेटफॉर्म पर सरकारी कर्मचारियों ने कई कोर्स किए हैं.इसका मूल मंत्र ही है- नागरिक देवो भव.
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि 'मन की बात' में आज वह सबसे पहले ऐसा एक विषय उठा रहे हैं, जो कि 'Drugs' यानी नशे की लत है.उन्होंने कहा कि दुनिया में आज भारत के युवाओं की प्रतिभा की बहुत चर्चा हो रही है. हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देखते हैं और उनको पूरा करने के लिए वे जी-जान से जुटे हैं. लेकिन इनके सपनों के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बन गया है.
युवा नशे की लत से लड़कर उसे हरा रहे
पीएम मोदी ने इस बात पर खशी जताई कि आज देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ी है. देश में 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी जोरों पर चल रहे हैं. ऐसे बहुत से प्रेरक उदाहरण सामने आए है, जहां युवाओं ने अपनी इच्छा शक्ति से नशे की लत को हरा दिया. वे सख्त हालातों से लड़कर बाहर निकले हैं. खुद से लड़कर उन्होंने अपने जीवन को एक नई दिशा दी है.
नशे की लत कैसे लगी? पीएम मोदी ने युवक से पूछा
मन की बात कार्यक्रम में कॉल पर जुड़े एक शख्स से पीएम मोदी ने पूछा कि उसे नशे की लत कैसे पड़ी. इस पर युवक ने बताया कि वह दिल्ली के सदर बाजार में रहता था. आसपास के लोगों को वह नशा करते देखता था. उसने पहली बार 10वीं क्लास में नशा किया था. पहले शौक में किया और फिर उसे लत लग गई. धीरे-धीरे इतनी बुरी आदत लगी कि वह घर के सारे पैसे नशे में ही खर्च कर देता था.
आप इस लत से बाहर कैसे आए? पीएम मोदी ने पूछा
पीएम मोदी के सवाल का जवाब देते हुए युवक ने बताया कि उसके मात-पिता की मौत बहुत कम उम्र में हो गई थी. वह नाना-नानी के घर रहने लगा था. नानी की मौत के बाद वह अनाथ हो गया. उसे नशे की लत पड़ गई और वह सड़कों पर घूमने लगा, उसे हर तरफ मौत नजर आती थी. दोस्त ने भी पैसा देने से मना कर दिया. तब उसे लगा कि इस नशे की वजह से वह सब कुछ खो चुका है, उसे ये लत छोड़ देनी चाहिए. जिसके बाद वह खुद वसंत कुंज में एक नशामुक्ति केंद्र पहुंचा और अपनी जिंदगी खुद बदली ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं