`प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के चेन्नई में जयगोपाल गरोडिया हिंदू विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज तेजी से बदल रहा है और विकसित भारत के लिए जरूरी नए विचार और समाधान केवल देश का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का भविष्य तय कर सकते हैं. उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने का आह्वान करते हुए कहा कि आज भारत में अवसरों की कोई कमी नहीं है और देश का हर युवा अपने भविष्य को बड़े कैनवास पर देखे, क्योंकि 'यही आपका समय है, यही आपका अवसर है.'
मुझे युवाओं की आंखों में दिखता है भारत का भविष्य: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि शिव और शक्ति की पवित्र धरती तमिलनाडु में मां सरस्वती के साधकों के बीच आना उनके लिए नवरात्रि का शुभारंभ है. पीएम मोदी ने छात्रों के उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें युवाओं की आंखों में भारत का भविष्य दिखाई देता है.
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में देश का शिक्षा परिदृश्य तेजी से बदला है. उन्होंने बताया कि 2014 में भारत में करीब 750 विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या अब 1,300 से अधिक हो चुकी है. इसी तरह कॉलेजों की संख्या करीब 38 हजार से बढ़कर 52 हजार से ज्यादा हो गई है.
Today, the quality of education is improving through the National Education Policy. The global standing of Indian educational institutions is also strengthening. In the 2015 QS rankings, only 14 Indian universities featured on the list. In the latest rankings, that number has increased to 52. This clearly demonstrates that more institutions mean more choices and greater opportunities for you. - PM @narendramodi #TNWelcomesModi
— BJP (@BJP4India) October 11, 2026
प्रधानमंत्री ने स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा देने का काम नहीं कर रहा, बल्कि राष्ट्रभक्त और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण भी कर रहा है. उन्होंने 'मन की बात' के एक उदाहरण को याद करते हुए बताया कि विद्यालय से जुड़ी गिरिजा अम्मा ने बच्चों को प्रतिदिन सिर्फ एक रुपया बचाकर सैनिकों के लिए समर्पित करने का विचार दिया था. इस पहल से हजारों बच्चे जुड़े और करीब 40 लाख रुपये की रकम इकट्ठा हो गई थी.
पीएम मोदी ने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि छोटी-सी पहल भी समाज और राष्ट्र के प्रति बड़ी भावना पैदा कर सकती है.
भारत के युवाओं में दुनिया की समस्या खत्म करने की ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया समस्याओं के समाधान तलाश रही है और भारत के युवाओं में उन्हें देने की क्षमता है. उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत का सपना युवाओं की ऊर्जा, शिक्षा और नवाचार के दम पर जरूर साकार होगा. उन्होंने छात्रों से कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, क्योंकि आने वाला समय भारत और भारतीय युवाओं का है.
यह भी पढ़ें: 'भारत के आंतरिक मामलों में दखलंदाजी मंजूर नहीं', संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार की चिंता पर MEA की दो-टूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं