- पीएम मोदी ने असम के दौरे पर 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया
- पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उच्च शिक्षा और अर्बन मोबिलिटी को बढ़ावा देने का लक्ष्य
- मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत को भाजपा की सफलता का मूल कारण बताया और उन्हें सम्मानित किया
पीएम मोदी शनिवार (14 फरवरी) को असम के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने 5,450 करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं का उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत में कनेक्टिविटी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उच्च शिक्षा और अर्बन मोबिलिटी को नई रफ्तार देना है. इस मौके पर पीएम मोदी ने गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज भाजपा जहां पहुंची है उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को मिलता है. जमीन की जड़ों से जुड़े कार्यकर्ताओं का दर्शन करना अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य है..."
ये भी पढ़ें : 23 देशों का भरोसा, 90 टन वजन और हर मौसम में उड़ान... क्यों आसमान का 'सिकंदर' है C-130
पूर्वोत्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा का कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करता है, उसके कारण भाजपा आगे बढ़ती है. मैं गर्व से कहता हूं कि मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण बात यही है कि नरेंद्र मोदी भाजपा का कार्यकर्ता है. कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है. बजट के बाद असम, पूर्वोत्तर का मेरा यह पहला दौरा है. जिस पूर्वोत्तर को कांग्रेस ने हमेशा नज़रअंदाज़ किया हम उस पूर्वोत्तर की भक्ति भाव से सेवा कर रहे हैं. पूर्वोत्तर हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है. इस वर्ष का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए भाजपा, NDA के विज़न को और मजबूती देने वाला है. बजट में बहुत अधिक फोकस पूर्वोत्तर को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है.
ये भी पढ़ें : राफेल, सुखोई, तेजस... चीन के कान के पास भारत के धुरंधरों ने भरी दहाड़, तस्वीरों में देखें वायुसेना का शौर्य
पीएम मोदी ने असम में कांग्रेस को घेरा
इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो कांग्रेस असम के विकास के लिए पैसे देने से भी बचती हो, वह कांग्रेस क्या असम का विकास कर सकती है?... यहां के युवाओं, किसानों, गांवों का भला कर सकती है?... इस साल के बजट में पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने का प्रयास किया गया है. कांग्रेस सरकार के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था. कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे. अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपये मिल रहे हैं. अगर मैं पिछले 11 वर्षों की बात करूं तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से साढ़े 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं.
ये भी पढ़ें : 6 लेन, 1.24 Km लंबा... ब्रह्मपुत्र पर बना ये शानदार पुल बदलेगा पूर्वोत्तर की तस्वीर
कांग्रेस ने कभी देश की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी
जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में जब भी सेना के लिए हथियार खरीदे गए तो उसका मतलब होता था हजारों करोड़ का घोटाला. आज देश अपनी सेनाओं को मजबूत कर रहा है. भारत अपनी सीमाओं पर शानदार हाईवे, शानदार टनल, ऊंचे-ऊंचे ब्रिज बना रहा है, देश की सुरक्षा बढ़ा रहा है इसलिए कांग्रेस बौखलाई हुई है. क्या कभी कांग्रेस में देश हित में इतने हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी? वे ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं, कुछ नहीं कर सकते. जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से इनकार करती है, जो सवाल करते हैं मां भारती क्या होती है? जो मां भारती के नाम तक से परहेज करते हों, जो मां भारती के प्रति जरा सा सम्मान नहीं दिखाते, वह कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती. इसलिए कांग्रेस ने कभी देश की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी..."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं