विज्ञापन

मोदी @25 के लिए महीने भर चलेगा अभियान, 13 कार्यक्रम होंगे, वंदे मातरम् पर बनेगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

PM मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू होगा. अभियान के जरिए PM मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाएगा.

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा BJP का सेवा संकल्प अभियान
NDTV
  • PM मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा
  • जनसेवा कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए ड्राइंग, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और सेवा यात्राएं होंगी
  • आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं को आमंत्रित कर पोषण, टीकाकरण और मातृ सहायता जैसी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा. यह अभियान एक महीने तक चलाया जाएगा. सात अक्टूबर को पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाया जाएगा. अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को जनप्रतिनिधि, जनसेवक महाकुंभ: पंचायत से पार्लियामेंट तक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पीएम मोदी का संबोधन भी होगा.

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत होंगे 13 कार्यक्रम

एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ: पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं.

आशीर्वाद का दीया

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा. प्रत्येक परिवार दीप प्रज्वलित कर इस संकल्प का सहभागी बनेगा. सभी स्थानों पर जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में दीयों (दीपकों) की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक समन्वय किया जाएगा. हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत

इसके अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच राष्ट्रव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. स्कूल शिक्षा विभाग नोडल विभाग होगा तथा उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे. सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.

नमो सेवा गाथा

नमो सेवा गाथा के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं और देश में आए बदलावों की कहानी को सरल, भावनात्मक और संगीतमय नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा. इस गतिविधि का नोडल विभाग संस्कृति विभाग होगा तथा सामाजिक न्याय विभाग सहयोग करेगा. यह कार्यक्रम स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे.

आंगन का उत्सव

आंगन का उत्सव के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा. कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा. उत्सव में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और सामुदायिक सेवा को सरल कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास एवं कुपोषण से जुड़ी सभी नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. लाभार्थी महिलाएं योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा करेंगी.

आंगन का उत्सव के अंतर्गत प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा. इसमें आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा. प्रत्येक केंद्र पर दो-तीन लाभार्थी माताओं का सम्मान भी होगा, जो अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगी. कार्यक्रम का नोडल विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग होगा तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सहयोग करेगा.

कहानी बदलाव की

इस कार्यक्रम के अंतर्गत सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों और क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी वास्तविक कहानियां देश के सामने लाई जाएंगी. नागरिकों और लाभार्थियों को अपनी प्रेरणादायी कहानी भेजने के लिए एक प्रतियोगिता शुरू की जाएगी. इस गतिविधि का नोडल विभाग जनसंपर्क विभाग होगा.

विकसित भारत संकल्प यात्रा

इसके अंतर्गत ऐसे स्थलों से, जहां लोगों के जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या अवसरों में वास्तविक बदलाव दिखाई देता हो, इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर विकास की वास्तविक कहानियां देश तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. जनसंपर्क, पर्यटन और संस्कृति विभाग इस गतिविधि में सहयोग और समन्वय करेंगे.

सेवा ज्योति यात्रा

सेवा ज्योति यात्रा के तहत गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी. पिछले 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेना इन यात्राओं का उद्देश्य होगा. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी से ये यात्राएं आयोजित की जाएंगी.

वडनगर से वाराणसी

वडनगर से वाराणसी: जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जाने वाली 10 टोलियां होंगी और सभी के मार्ग अलग-अलग होंगे. इसी प्रकार वाराणसी से वडनगर आने वाली 10 टोलियां भी अलग-अलग मार्गों से यात्रा करेंगी. इससे यात्रा अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचेगी. प्रत्येक गांव और पड़ाव पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका स्वरूप स्थानीय नागरिकों के साथ सहज संवाद और वार्तालाप का होगा.

सेवा मेरा योगदान

यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक समाज सेवा में अपना योगदान देगा. रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा.

सेवा अपने घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर की जा सकती है. नदी घाटों और रिवर फ्रंट की साफ-सफाई को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा. सभी गतिविधियां युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सभी आयु वर्ग के नागरिकों की भागीदारी से संचालित होंगी.

सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार

इसके अंतर्गत जिले के प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे. शिविरों में राज्य और केंद्र सरकार की उन योजनाओं को शामिल किया जाएगा, जो सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं. प्रत्येक ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इन केंद्रों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन कराने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी.

रंगोली राष्ट्र

घर-घर से राष्ट्र तक: आभार और संकल्प की रंगोली कार्यक्रम के अंतर्गत एक निर्धारित दिन देश के अधिकतम प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा. केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक तथा विकसित भारत का सपना रंगोली के प्रमुख विषय होंगे. रंगोली स्थानीय रंग और शैली में बनाई जाएगी.

राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज

इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, कॉरपोरेट इनोवेटर्स और जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा. क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे. इसमें शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर और निजी कंपनियों को सहभागी बनाया जाएगा. कार्यक्रम में प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद, विशेषज्ञ सत्र और पुरस्कार वितरण भी शामिल होगा.

जनसेवक महाकुंभ: पंचायत से पार्लियामेंट तक

यह कार्यक्रम 17 अक्टूबर को आयोजित होगा. इसमें देशभर से आए सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सुशासन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह छंदों के सामूहिक गायन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास किया जाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी और उनका संबोधन भी होगा. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी सहभागी विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लेंगे.

इस अभियान के माध्यम से जनकल्याण के लिए बीजेपी सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी.

सेवा संकल्प अभियान की अवधि के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद की विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी. अभियान के तहत प्रदेश के नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाएगा. सभी जिलों में विकसित विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा. लाभार्थियों तक पहुंचकर उन्हें पीएम मोदी के 25 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. सभी प्रदेश इकाइयों से कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं और कार्यों का लोकार्पण या भूमिपूजन किया गया है अथवा अन्य महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं, उन सभी स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं.

मध्य प्रदेश सरकार सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद अथवा वडनगर में करेगी. प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर नर्मदा परियोजना और सरदार सरोवर बांध से जिन जिलों के सामाजिक और आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, वहां नर्मदा परियोजना पर केंद्रित गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इसी प्रकार केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से लाभान्वित क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी की पहल से हुए बदलावों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: 'वडनगर टू वाराणसी' की यात्रा निकालेगी भाजपा, 3000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी 10 टीमें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi Address, Pm Modi  BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com