- सांसद पप्पू यादव ने 6 वर्षीय आदित्य का पटना के गर्दनीबाग में चल रहा धरना समाप्त कराया है
- आदित्य अपने माता-पिता के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठा था
- पप्पू यादव ने आदित्य और उसके परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है
सोशल मीडिया पर बीते कई दिनों से वायरल हो रहे 6 साल के बच्चे का धरना सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को समाप्त कराया. इस संबंध में खुद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है. उन्होंने आदित्य के साथ अपनी तस्वीरें भी फेसबुक पर शेयर की हैं, जिनमें से एक में वह आदित्य को कंधे पर बिठाए दिख रहे हैं. पप्पू यादव सोमवार की रात को ही पटना के गर्दनीबाग इलाके में पहुंचे थे, जहां आदित्य धरना दे रहे थे. इस दौरान पप्पू यादव ने उनसे धरना खत्म करने की अपील की थी. उनका कहना था कि आप धरना समाप्त कर दीजिए, मैं आपको न्याय दिलाऊंगा. इसके लिए लड़ाई भी लड़ूंगा.
इसकी जानकारी पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर भी दी. पप्पू यादव ने लिखा, 'देर रात पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छह वर्षीय आदित्य अपने माता-पिता के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठा था. छात्र आंदोलन के दौरान आदित्य की गिरफ्तारी और उसके बाद उसके माता-पिता के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. हमने धरना स्थल पर पहुंचकर आदित्य और उसके माता-पिता से मुलाकात की तथा भरोसा दिलाया कि इस मामले को उचित मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा. उनके सम्मान व न्याय के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. हमारे आश्वासन के बाद आदित्य और उसके माता-पिता ने धरना समाप्त किया.'
पप्पू यादव ने लिखा कि न्याय और सम्मान की इस लड़ाई को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा. धरना समाप्त करने के बाद आदित्य ने मीडिया से भी बात की. उनका कहना था कि यह मेरी हार नहीं है. निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भरोसा दिया है कि वह मेरी मदद करेंगे. बता दें कि 25 अगस्त को बीपीएससी के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान आदित्य इंटरनेट पर सनसनी बन गए थे. वह लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हैं. बिहार में बीपीएससी के खिलाफ एक ही राउंड में शिक्षक भर्ती परीक्षा कराए जाने की मांग की जा रही थी. इसी दौरान हुए प्रदर्शन में आदित्य और उसके माता-पिता ने हिस्सा लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं