- अक्टूबर 2026 में पूरे भारत का औसत अधिकतम तापमान 32.43 डिग्री सेल्सियस दर्ज होकर 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ा गया
- अक्टूबर 2026 में देशभर में हुई वर्षा 2001 के बाद छठी सबसे कम रही, खासकर मध्य भारत में बारिश में कमी देखी गई
- बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान के 2 नवंबर 2026 को आंध्र प्रदेश तट से टकराने का अनुमान है
देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर जारी है. बारिश के साथ ही अब ठंड भी बढ़ गई है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में तापमान लगातार कम हो रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने अक्तूबर महीने में मौसम के रिकॉर्ड का अपडेट दिया है. IMD ने बताया कि अक्टूबर 2026 में गर्मी ने 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
अक्टूबर में गर्मी ने बनाया रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर 2026 ने गर्मी के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है. पूरे भारत का औसत अधिकतम तापमान 32.43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे अधिक तापमान है. इस तरह अक्टूबर 2026 पिछले 125 साल का सबसे गर्म अक्टूबर बन गया.

IMD ने अक्टूबर 2026 के मौसम का आकलन जारी करते हुए बताया कि इस वर्ष अक्टूबर में देशभर में हुई वर्षा 2001 के बाद छठी सबसे कम रही. वहीं मध्य भारत में बारिश 2001 के बाद आठवीं सबसे कम दर्ज की गई, जो मॉनसून के बाद के मौसम में वर्षा की कमी को दर्शाती है.

एक और साइक्लोन आने वाला है
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा एक चक्रवाती तूफान 2 नवंबर 2026 की शाम के आसपास आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है. मौसम विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित राज्यों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

IMD ने आगामी महीनों को लेकर भी चिंता जताई है. डॉ. महापात्रा के मुताबिक, अक्टूबर-नवंबर 2026 के दौरान बहुत मजबूत अल नीनो परिस्थितियां बनने की संभावना है. उन्होंने कहा कि नवंबर आमतौर पर अल नीनो के प्रभाव का चरम समय होता है, जिसके बाद इसका असर धीरे-धीरे कम होने लगता है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मजबूत अल नीनो के कारण बारिश, तापमान और चक्रवाती गतिविधियों के पैटर्न पर प्रभाव पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें | साइक्लोन 'अर्नब' का असर... दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड तो पहाड़ों पर बर्फबारी; लेकिन आंध्र-ओडिशा में आफत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं