विज्ञापन

समृद्धि यात्रा खत्म, क्या अब नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा? सत्ता हस्तांतरण पर सस्पेंस

नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा 26 मार्च को खत्म हो रही है, लेकिन राजनीतिक संकेत बताते हैं कि सत्ता हस्तांतरण का फैसला तुरंत नहीं लिया जाएगा.

समृद्धि यात्रा खत्म, क्या अब नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा? सत्ता हस्तांतरण पर सस्पेंस
  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा 26 मार्च को समाप्त हो रही है, लेकिन इस्तीफा तुरंत नहीं दिया जाएगा
  • सत्ता हस्तांतरण से पहले भाजपा और जेडीयू के बीच मंत्रिमंडल और विभागों के बंटवारे पर सहमति जरूरी है
  • नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी राजनीति में सक्रिय रहना और पार्टी पर पकड़ बनाए रखना चाहते हैं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा 26 मार्च को समाप्त हो रही है और इसके साथ ही बिहार की राजनीति में एक बड़ा सवाल तेजी से उठ रहा है, क्या यात्रा खत्म होते ही वे इस्तीफा दे देंगे या सत्ता हस्तांतरण में अभी और समय लग सकता है. फिलहाल जो राजनीतिक संकेत मिल रहे हैं, उनसे लगता है कि फैसला तुरंत होने की बजाय धीरे-धीरे और सोच-समझकर लिया जा सकता है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि समृद्धि यात्रा का समापन एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव जरूर है, लेकिन उसके तुरंत बाद इस्तीफा देना जरूरी नहीं है.

सत्ता हस्तांतरण से पहले सहमति की कवायद

आमतौर पर ऐसे बड़े फैसलों से पहले पार्टी और गठबंधन के भीतर पूरी तैयारी की जाती है. नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति, मंत्रिमंडल का गठन, विभागों का बंटवारा और संगठन में बदलाव, इन सभी बातों पर पहले सहमति बनानी होती है. इसलिए यह संभावना ज्यादा है कि सत्ता हस्तांतरण में कुछ और समय लग सकता है. इस पूरे मामले में एक बड़ा राजनीतिक पहलू भाजपा और जेडीयू के बीच शक्ति संतुलन का भी है. अगर मुख्यमंत्री पद भाजपा को मिलता है, तो जेडीयू यह सुनिश्चित करना चाहेगी कि उसे सरकार और संगठन दोनों में सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले.

ये भी पढ़ें ; 20 साल में पहली बार हुआ ऐसा; ईद पर पटना के गांधी मैदान नहीं आए CM नीतीश, जेडीयू के अंदर क्या पक रहा?

भाजपा‑जेडीयू के बीच शक्ति संतुलन अहम

मंत्री पदों की संख्या, महत्वपूर्ण विभाग और संगठन में भूमिका, ये सभी मुद्दे बातचीत से तय होंगे. जब तक इन बातों पर अंतिम सहमति नहीं बनती, तब तक इस्तीफा देने में जल्दबाजी नहीं की जाएगी. नीतीश कुमार की अपनी राजनीतिक रणनीति भी इस फैसले को प्रभावित कर रही है. माना जा रहा है कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी राजनीति से दूर नहीं जाना चाहते. वे पार्टी पर अपनी पकड़ बनाए रखना चाहते हैं और भविष्य की राजनीति को अपने तरीके से दिशा देना चाहते हैं.

इस्तीफे में जल्दबाजी नहीं, रणनीति पर नजर

इस पूरी राजनीति में अब एक नया फैक्टर निशांत कुमार का भी जुड़ गया है. हाल के दिनों में निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने से चीज़े बदली है. अब जबकि वो पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हो चुके हैं, तो यह जेडीयू के लिए भविष्य की तैयारी के तौर पर देखें जा रहे है. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि नीतीश कुमार सत्ता हस्तांतरण से पहले यह सुनिश्चित करना चाहेंगे कि पार्टी का नेतृत्व और भविष्य दोनों सुरक्षित रहे. ऐसे में निशांत कुमार की एंट्री को एक लंबी राजनीतिक योजना का हिस्सा माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें ; बिहार में नई सरकार का बन गया फॉर्मूला- जहां आज BJP, वहां होगी JDU, नीतीश के जाने की डेट भी फिक्स

निशांत कुमार की एंट्री से बदले सियासी संकेत

एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि नीतीश कुमार अचानक इस्तीफा देकर राजनीतिक जोखिम नहीं लेना चाहेंगे. वे चाहते हैं कि बदलाव धीरे-धीरे और स्थिर तरीके से हो, ताकि सरकार और प्रशासन दोनों में कोई अस्थिरता न आए. इससे यह संदेश भी जाएगा कि सत्ता हस्तांतरण एक सोची-समझी रणनीति के तहत हो रहा है, न कि किसी दबाव में. विपक्ष भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. अगर सत्ता हस्तांतरण में देरी होती है या अंदरूनी मतभेद सामने आते हैं, तो विपक्ष इसे मुद्दा बना सकता है. वहीं अगर बदलाव शांत तरीके से होता है, तो सत्तारूढ़ गठबंधन इसे एक सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया के रूप में पेश करेगा.

समृद्धि यात्रा खत्म, फैसला अभी बाकी

कुल मिलाकर, समृद्धि यात्रा का 26 मार्च को समाप्त होना एक संकेत जरूर है कि राजनीति में बदलाव का समय करीब आ गया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उसी दिन या तुरंत बाद इस्तीफा हो जाएगा. ज्यादा संभावना यही है कि सत्ता हस्तांतरण में अभी कुछ और समय लगे, सभी राजनीतिक समीकरण तय हों और फिर सही समय देखकर अंतिम फैसला लिया जाए. इस पूरी प्रक्रिया में निशांत कुमार का उभरता हुआ रोल भी आने वाले समय में जेडीयू की राजनीति को नई दिशा दे सकता है.

लेखक के बारे में
img
प्रभाकर कुमार
Contributing Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Kumar, Samriddhi Yatra, Bihar Politics, Power Transition Bihar, Nitish Resignation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com