- बिहार के सीएम नीतीश कुमार 8 या 9 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे
- 16 मार्च के बाद राज्य में नया सीएम चुनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी
- नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम होंगे, बीजेपी के पास रहेगा गृह मंत्रालय
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा में नामांकन करने के बाद हर तरफ यही सवाल था कि वो इस्तीफा कब देंगे. अब सूत्रों ने बताया कि है कि नीतीश 8 या 9 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इसके बाद वो राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेंगे. नीतीश के पुत्र निशांत को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया जाएगा.
गृह मंत्रालय बीजेपी के पास ही रहेगा
सूत्रों ने बताया कि 16 मार्च को सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए औपचारिक रूप से चुने जाएंगे. इसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री का चयन होगा. सूत्रों ने बताया कि निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनेंगे. इसके अलावा जेडीयू कोटे से एक और डिप्टी सीएम होगा. सूत्रों ने बताया कि हालांकि, गृह मंत्रालय बीजेपी के पास ही रहेगा.
विधान परिषद की सदस्यता से भी देंगे इस्तीफा
सूत्रों ने बताया कि नीतीश सीएम पद के साथ-साथ विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा देंगे. गौरतलब है कि बीजेपी और नीतीश कुमार के बीच लंबी बातचीत के बाद ये तय हुआ था कि सीएम नीतीश कुमार संसद के ऊपरी सदन जाएंगे. गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी चीफ नितिन नवीन की मौजूदगी ने नीतीश कुमार ने राज्यसभा का नामांकन भरा था.
निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी
इसके बाद नीतीश के पुत्र निशांत कुमार को औपचारिक तौर पर जेडीयू में शामिल किया गया था. निशांत इसके बाद लगातार नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं. नीतीश कुमार ने सीमांचल में अपने भाषण में के दौरान लेसी सिंह और विजय कुमार चौधरी की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि अब ये लोग ही बिहार चलाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं