- अलीगढ़ और आगरा के बीच 65 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बन रहा है
- एक्सप्रेसवे चार लेन का होगा जिसे भविष्य में छह लेन तक बढ़ाया जा सकेगा
- 2027 तक पूरी तरह तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट से आगरा-अलीगढ़ यात्रा का समय दो घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा
उत्तर प्रदेश में एक और नया एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है. यह एक्सप्रेसवे ताला नगरी के नाम से मशहूर अलीगढ़ और ताज नगरी आगरा के बीच बनेगा. 65 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी के ट्रांसपोर्ट की पूरी तस्वीर बदल देगा. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद अलीगढ़ से आगरा का सफर महज एक घंटे में पूरा हो जाएगा. यह एक्सप्रेसवे भले ही अलीगढ़ और आगरा के बीच बन रहा है, लेकिन इसका सीधा फायदा दिल्ली-एनसीआर से लेकर मथुरा और बरेली तक होगा. पश्चिमी यूपी के कई छोटे-बड़े शहर नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे. आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़े सभी बड़े अपडेट हम बता रहे हैं.
कहां से कहां तक बन रहा एक्सप्रेसवे?
यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे आगरा और अलीगढ़ के बीच बन रहा है. यह प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा होगा.
- पहला चरण: 28 किलोमीटर लंबा यह सेक्शन अलीगढ़ में नेशनल हाईवे 509 (NH-34) से शुरू होकर हाथरस के पास असरोई गांव तक जाएगा.
- दूसरा चरण: इसके बाद यह एक्सप्रेसवे हाथरस से आगे बढ़ते हुए आगरा के खंदौली के पास सीधे यमुना एक्सप्रेसवे में मर्ज हो जाएगी.
क्या हैं आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे की खासियत?
- यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा और यह बिल्कुल नए रूट पर बनेगा.
- इसकी कुल लंबाई 65 किलोमीटर होगी.
- फिलहाल यह 4 लेन का बनेगा, लेकिन भविष्य में इसे 6 लेन तक बढ़ाया जा सकता है.
- इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण पर 1536 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं.
- यह मुख्य रूप से हाथरस जिले के 48 गांवों की लगभग 322 हेक्टेयर भूमि से होकर गुजरेगा.

दूसरे एक्सप्रेसवे और हाईवे से होगी कनेक्टिविटी, नोएडा एयरपोर्ट आना होगा आसान
भले ही यह एक्सप्रेसवे आगरा और अलीगढ़ के बीच बन रहा है, लेकिन ये कई दूसरे शहरों को भी जोड़ेगा और सफर आसान बनाएगा. आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे हाथरस के पास निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे से भी जुड़ेगा. इसके अलावा आगरा में यह एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा. यानी इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा, नोएडा और दिल्ली की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी. वेस्ट यूपी के इन शहरों से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना भी आसान होगा.
सफर में होगी समय की बचत
आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे के बनने के बाद नोएडा से अलीगढ़ की दूरी करीब दो घंटे की रह जाएगी. फिलहाल अलीगढ़ तक जाने में 3 घंटे का वक्त लगता है. इसके अलावा आगरा से अलीगढ़ का सफर महज एक घंटे में पूरा हो जाएगा. फिलहाल यह दूरी तय करने में दो घंटे से ज्यादा समय लगता है.
कब तक तैयार होगा एक्सप्रेसवे?
आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे की मंजूरी के बाद जमीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है. पर्यावरण मंजूरी और निर्माण गति को देखते हुए इसके 2027 तक पूरी तरह तैयार होने की संभावना है. ग्रीन एक्सप्रेसवे से 66 गांव सीधे सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे. इसके लिए 49 फुटओवर ब्रिज और अंडरपास भी बनाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से आगरा और मथुरा सिर्फ 1 घंटे में, 350 की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, जानें कहां बनेंगे स्टेशन
यह भी पढ़ें: रफ्तार पकड़ेगा उत्तराखंड के पहाड़ों का सफर, दिल्ली-NCR और लखनऊ को सीधे जोड़ेगा नया बरेली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
