नई दिल्ली. NEET पेपर लीक और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज मामले में देश की सियासत में जबरदस्त उबाल है. एक तरफ लाखों छात्र सड़क पर हैं, तो दूसरी तरफ विपक्ष ने भी सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही है. इसके विरोध में मंगलवार को राहुल गांधी और विपक्ष के नेताओं का पीएम आवास तक मार्च किया था. बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से क्या होगा और पीएम आवास के बाहर धरना क्यों किया था? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि जब देश का नौजवान सड़क पर हो तो विपक्ष को भी सड़क पर होना चाहिए.
'धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े राहुल गांधी
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि प्रधान कोई आम मंत्री नहीं, बल्कि छात्रों के साथ हुए उस बुरे बर्ताव का एक 'प्रतीक' बन गए हैं. छात्रों के सम्मान की खातिर इस सिंबल को हटाना ही होगा. उन्होंने प्रधान को पूरी तरह से अयोग्य करार दिया. उन्होंने कहा, "हम उनका बैकग्राउंड जानते हैं. वो कितने साफ-सुथरे हैं. उनका एक इतिहास रहा है." राहुल ने कहा कि अगर सरकार सच में देश को यह संदेश देना चाहती है कि वो छात्रों का दर्द सुन रही है और उनकी भावनाओं का सम्मान करती है, तो सबसे पहला कदम यही होना चाहिए कि धर्मेंद्र प्रधान की कुर्सी जाए. राहुल गांधी से जब पूछा गया कि आपको पीएम आवास तक जाने की नौबत क्यों आई, तो उन्होंने बताया कि जब हमारे छात्र सड़कों पर धक्के खा रहे हैं. तो विपक्ष को भी उनके साथ सड़क पर होना ही चाहिए.
ओम बिरला से की थी चर्चा की मांग: राहुल गांधी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने बताया कि पीएम आवास जाने से पहले वो लोकसभा स्पीकर के कमरे में गए थे. मांग सिर्फ इतनी थी कि यह बहुत बड़ा मुद्दा है, इस पर सदन में बोलने दिया जाए, चर्चा होनी चाहिए. राहुल गांधी के मुताबिक, स्पीकर ने कहा कि वो सरकार से पूछेंगे. इसका सीधा सा मतलब था कि फैसला स्पीकर का नहीं, सरकार का था और नतीजा क्या निकला? पूरे मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया.
राहुल गांधी ने सरकार से रखी तीन मांगें
राहुल ने विपक्ष की तीन बड़ी मांगें सामने रखीं. पहला- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दें. दूसरा जिन्होंने भी छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया, उन पर एक्शन हो, जवाबदेही तय हो और तीसरा- प्रधानमंत्री खुद सामने आएं और देश के छात्रों से माफी मांगें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं