- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से सप्त शक्ति मंत्र के तहत सात विकास लक्ष्यों की घोषणा की
- मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को विकसित कर भारत को डिजाइन से उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनाना उनका पहला लक्ष्य है
- फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में कृषि उत्पादों को विश्व बाजार तक पहुंचाकर भारत की आर्थिक ताकत बढ़ाने पर जोर दिया गया
पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले से सप्त शक्ति मंत्र दिया है. उन्होंने भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर कहा कि भारत सप्त सिंधु की सभ्यता का देश है. इस मौके पर हम सप्त धाराओं की बात करेंगे. हमें सप्त शक्ति की ओर बढ़ना होगा. प्रधानमंत्री ने इसी के आधार पर भविष्य के भारत के लिए 7 लक्ष्य भी तय किए. इसके तहत पहला टारगेट उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को विकसित करने का रखा. पीएम मोदी ने कहा कि हमें मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ाना है. छोटे-छोटे पुर्जों से लेकर बड़ी चीजों तक को तैयार करना है. डिजाइन से मैन्युफैक्चरिंग तक भारत को दुनिया का केंद्र बनना होगा.
दूसरा टारगेट पीएम मोदी ने फूड प्रोसेसिंग का रखा. पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पास क्या कुछ नहीं है. फल, फूल, मसाले और खेती के तमाम उत्पादों को हम दुनिया में पहुंचा सकते हैं. इनके जरिए हम आसानी से दुनिया में पहुंच सकेंगे.
तीसरा टारगेट पीएम मोदी ने तकनीक और इनोवेशन को बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने यूपीआई समेत कई चीजों में अपना लोहा मनवा लिया है. अब हमें डिजिटल क्रांति में तेजी लानी है. उन्होंने कहा कि अब यह दुनिया की इकॉनमी का भी बड़ा हिस्सा है.
गति शक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौथा टारगेट बताया. उन्होंने कहा कि हमें अपनी स्पीड बढ़ानी होगी. इसके लिए एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, पोर्ट्स समेत तमाम चीजें चाहिए. जिससे हमारे काम की स्पीड बढ़े.
रक्षा शक्ति को पीएम मोदी ने पांचवा लक्ष्य बताया. उन्होंने कहा कि इसका महत्व सबसे अधिक है. उन्होंने कहा कि डिफेंस में आत्मनिर्भर होना जरूरी है. दुनिया और भारत ने अनुभव कर लिया है कि इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है. जब दुनिया में सब अपनी-अपनी सोच रहे हैं तो हम सिर्फ बाजार बनकर नहीं रह सकते. हमें ग्लोबल सप्लायर बनने की ओर बढ़ना होगा. हमें ड्रोन और एंट्री ड्रोन की दिशा में खुद को मजबूत करना होगा. इसके अलावा साइबर सिक्योरिटी पर भी काम करना होगी.
ग्रीन और ब्लू इकॉनमी के विकास को पीएम मोदी ने छठा लक्ष्य बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन मोबिलिटी की बात करनी होगी. जब दुनिया ग्लोबल वार्मिंग की चिंता कर रही है तो हम समाधान दे रहे हैं. भारत के पास ब्लू इकॉनमी के लिए भी बड़ा अवसर है. कोस्टल टूरिज्म, मत्स्य पालन समेत कई चीजे हैं.
अंत में उन्होंने सातवीं शक्ति की बात की और सॉफ्ट पावर का जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सॉफ्ट पावर हमारी बड़ी ताकत है. आज योग ने पूरी दुनिया को भारत के साथ जोड़कर रखा है. इससे दुनिया में भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है. जिस भारत के पास योग, आयुर्वेद जैसी चीजें हैं. वह किसी को भी दिशा दे सकता है. हमारी फिल्में, डिजिटल कॉन्टेंट, गाने समेत कई चीजें ऐसी हैं, जिससे हम दुनिया में अपनी ताकत दिखा सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं