- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को आरआरटीएस नमो भारत कॉरिडोर के दिल्ली क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है.
- सीआईएसएफ ने आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां स्टेशनों की सुरक्षा के लिए 251 जवान तैनात किए हैं.
- उत्तर प्रदेश में आरआरटीएस स्टेशनों की सुरक्षा उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा संभाली जाएगी.
रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) 'नमो भारत' कॉरिडोर के दिल्ली क्षेत्र की सुरक्षा अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हाथों में होगी. केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) से मंजूरी मिलने के बाद 251 जवानों को तैनात किया गया है. इसके तहत सीआईएसएफ दिल्ली के तीन प्रमुख स्टेशन आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां की सुरक्षा संभालेगी. सीआईएसएफ के यह जवान स्टेशन के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट के अलावा सिक्योरिटी स्क्रीनिंग पर मौजूद रहेंगे.
सीआईएसएफ के महानिदेशक, प्रवीर रंजन ने कहा, "आरआरटीएस 'नमो भारत' नेटवर्क में सीआईएसएफ की तैनाती भारत के नए जमाने के परिवहन ढांचे को सुरक्षित करने में एक अहम कदम है. जैसे-जैसे परिवहन प्रणालियां तेज और आपस में जुड़ रही हैं, सुरक्षा के प्रति हमारा दृष्टिकोण भी उतना ही उन्नत, एकीकृत और तकनीक-आधारित होना चाहिए." उन्होंने आगे कहा कि सीआईएसएफ एक सहज, मजबूत और यात्री-केंद्रित सुरक्षा माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है जो न केवल बुनियादी ढांचे की रक्षा करता है बल्कि यात्रियों में विश्वास भी जगाता है. हम आरआरटीएस में उच्च मानक स्थापित करने के लिए एनसीआरटीसी और सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं.
UPSISF करेगी यूपी सेक्शन की सुरक्षा
आरआरटीएस के पहले चरण के नेटवर्क में दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कुल 22 स्टेशन शामिल हैं. इसमें दिल्ली स्टेशन की सुरक्षा सीआईएसएफ देखेगी तो वहीं उत्तर प्रदेश में आने वाले स्टेशनों की सुरक्षा उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (UPSISF) के जिम्मे होगी.
CISF की तरह UPSISF को दी गई ट्रेनिंग
यूपीएसआईएसएफ के जवानों को भी सीआईएसएफ के द्वारा ट्रेनिंग दी गई है. यह ट्रेनिंग दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) में कराई गई, जिससे यूपी के आरआरटीएस स्टेशनों पर भी समान स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
सुरक्षा मजबूती के साथ नेटवर्क संचालन क्षमता होगी बेहतर
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाई-स्पीड और हाई-ट्रैफिक नेटवर्क के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है. ऐसे में सीआईएसएफ की तैनाती से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क की संचालन क्षमता भी बेहतर होगी. नमो भारत भारत की पहली सेमी-हाई-स्पीड क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम ट्रेन है, जो 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर चलती है. यह ट्रेन 160 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ती है. यह ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित, आधुनिक और स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई है.
ये भी पढ़ें : कोलकाता एयरपोर्ट की पार्किंग में कार ने इंडिगो विमान को मारी टक्कर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं