दिवाली के दिन जब लोग लक्ष्मी-गणेश की पूजा की तैयारी में जुटे थे, उसी समय नागपुर के एक शिक्षक दंपति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव घर के बेडरूम में छत के पंखे से लटके मिले. हैरानी की बात यह है कि दोनों की शादी इसी साल अगस्त में हुई थी और यह दोनों का दूसरा विवाह बताया जा रहा है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
दूसरी शादी के तीन महीने बाद उठाया ये कदम
मृतकों की पहचान 38 साल मनीष प्रल्हाद गणवीर और 35 साल सोनाली मनीष गणवीर के तौर में हुई है. दोनों गड़चिरोली जिले के सुरजागढ़ स्थित एक स्कूल में शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे. जानकारी के अनुसार, इसी साल अगस्त महीने में दोनों ने शादी की थी. यह दोनों का दूसरा विवाह था.
परिजन और स्थानीय लोग भी इस घटना से हैरान हैं क्योंकि शादी के महज तीन महीने बाद दोनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अभी किसी के पास नहीं है.
दिवाली मनाने नागपुर आए थे दोनों
इसके बताया गया है कि मनीष और सोनाली दिवाली का त्योहार मनाने के लिए नागपुर स्थित अपने घर आए हुए थे. घर के अन्य सदस्य बोधगया दर्शन के लिए गए थे, जिससे दंपति घर में अकेले थे.
रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे उनका रिश्तेदार प्रशिक अजय लांडगे उनसे मिलने रेवतीनगर स्थित घर पहुंचा. उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इससे उसे शक हुआ.
जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो रिश्तेदार टीन के शेड के सहारे दूसरी मंजिल की गैलरी तक पहुंचा और खिड़की से अंदर देखा. बेडरूम का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. कमरे के अंदर मनीष और सोनाली दोनों के शव दुपट्टे के सहारे छत के पंखे से लटके हुए थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी रहस्य
घटना की जानकारी मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया. मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है.
फिलहाल जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं. अभी तक कोई सुसाइड नोट मिलने या आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आने की जानकारी नहीं है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इसके पीछे पारिवारिक, व्यक्तिगत या कोई अन्य कारण तो नहीं था.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में क्यों सड़कों पर उतरे हजारों लोग, एक सहकारी समिति के चुनाव पर कैसे छिड़ा विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं