Rayagada Police Conflict: ओडिशा के रायगढ़ा जिले में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. काशीपुर क्षेत्र में वेदांता कंपनी (Vedanta Company) द्वारा सड़क निर्माण को लेकर विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया. आदिवासियों और पुलिस के बीच तीखी मुठभेड़ हुई. इस दौरान 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है. हिंसा बढ़ने के बाद काशीपुर में बीएनएसएस 163 लागू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार, काशीपुर ब्लॉक के सागर पंचायत के शागबाड़ी गांव में खनन विरोधी प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया. सड़क निर्माण कार्य का विरोध कर रहे लोग उस समय उग्र हो गए, जब पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश कर रही थी. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया.

घायलों में पुलिस अफसर भी शामिल
इस हमले में रायगढ़ा के एसडीपीओ गिरीधर साहू, काशीपुर के आईआईसी देव मल्लिक समेत करीब 30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें रायगढ़ा जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज काशीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

मौके पर मौजूद पुलिस.
शागबाड़ी से सिजिमाली तक सड़क बना रही थी वेदांता
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में पुलिस बल बढ़ा दिया है. मौके पर रायगढ़ा के जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी और एसपी स्वाति एस कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं. बताया जा रहा है कि सरकार ने काशीपुर ब्लॉक के सिजिमाली क्षेत्र में खनन (Mining) के लिए अनुमति दी है. इसके तहत वेदांता एल्युमिना कंपनी शागबाड़ी से सिजिमाली तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कर रही थी, जिसका स्थानीय लोग शुरू से ही विरोध कर रहे थे.
कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, प्रशासन ने शागाबाड़ी गांव में आगे किसी भी तरह की अशांति को रोकने के लिए बीएनएसएस 163 लागू कर दी है.
ये भी पढ़ें- बम को गेंद समझ खेलने लगे... ओडिशा में बच्चे के हाथ में फटा बम, हालत गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं