विज्ञापन

बॉल समझकर बम से खेल रहे थे बच्चे, अचानक हुआ धमाका; दो नाबालिग गंभीर घायल

ओडिशा के गंजम जिले में खेलते समय बॉल समझकर बम उठाने से बड़ा हादसा हो गया. कविसूर्यनगर थाना क्षेत्र के खाजापल्ली गांव में बम फटने से दो नाबालिग बच्चे घायल हो गए. एक बच्चे की हालत गंभीर है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

बॉल समझकर बम से खेल रहे थे बच्चे, अचानक हुआ धमाका; दो नाबालिग गंभीर घायल
  • ओडिशा के गंजम जिले के खाजापल्ली गांव में खेलते समय बच्चों ने बम को गेंद समझकर उठाया था.
  • 14 साल के ओम प्रकाश भुयान के हाथ में बम फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
  • 8 साल के गणेश भुयान को धमाके में मामूली चोटें आईं, उनका इलाज कोडाला कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में जारी है.

Children Injured in Bomb Blast: ओडिशा के गंजम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां खेलते‑खेलते बच्चों की मासूमियत एक बड़े हादसे में बदल गई. बॉल समझकर उठाया गया एक बम अचानक फट गया, जिससे दो नाबालिग बच्चे बुरी तरह घायल हो गए. धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और गांव में डर का माहौल बन गया.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना गंजम जिले के कविसूर्यनगर थाना क्षेत्र के खाजापल्ली गांव की है. गांव के पास दो बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान उन्हें जमीन पर पड़ा एक संदिग्ध सामान मिला, जिसे उन्होंने गेंद समझ लिया. बच्चों को अंदाजा भी नहीं था कि वे जिस चीज से खेल रहे हैं, वह बेहद खतरनाक है.

हाथ में फट गया बम

खेल के दौरान 14 साल के ओम प्रकाश भुयान के हाथ में अचानक वह बम फट गया. विस्फोट इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. धमाके में पास खड़ा 8 साल का गणेश भुयान भी चपेट में आ गया, हालांकि उसे मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद बच्चे चीखते‑चिल्लाते जमीन पर गिर पड़े.

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को लेकर कोडाला कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद ओम प्रकाश की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बरहामपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहीं गणेश भुयान का इलाज कोडाला CHC में जारी है.

गांव में दहशत का माहौल

इस हादसे के बाद गांव के लोग हैरान और डरे हुए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बच्चे बम को गेंद समझकर इधर‑उधर उछाल रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया. किसी को समझ ही नहीं आया कि गांव के पास इतना खतरनाक विस्फोटक कैसे पहुंचा.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कविसूर्यनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह बम कहां से आया, किसने यहां रखा और इसे लावारिस क्यों छोड़ा गया? फिलहाल विस्फोटक के स्रोत की पुष्टि नहीं हो पाई है. इस हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खुले में पड़े खतरनाक सामान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों की मांग है कि इलाके में अच्छी तरह जांच करवाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें- 

मिसाइल, ड्रोन या बम हमले के बाद ब्लास्ट की साइट पर क्या-क्या होता है? इनसाइड स्टोरी

दिल्ली‑मुंबई में टॉय‑कार से बम ब्लास्ट का था प्लान! दो आतंकी गिरफ्तार, ISIS से प्रभावित 4‑5 नाबालिग रडार पर 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganjam Bomb Blast Incident, Odisha Village Explosion News, Children Injured In Bomb Blast, Kavsurynagar Police Investigation, Bomb Explosion While Playing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com