- दिल्ली‑NCR में मंगलवार को तेज बारिश और आंधी के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है.
- सुबह हल्की बारिश के बाद दिन में गरज‑चमक के साथ तेज बारिश का भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया था.
- सफदरजंग, पालम, लोधी रोड और आयानगर में विभिन्न मात्राओं में बारिश रिकॉर्ड की गई है.
दिल्ली‑NCR में मंगलवार को झमाझम बारिश और तेज आंधी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. आमतौर पर अप्रैल में चिलचिलाती गर्मी पड़ने लगती है, लेकिन इस बार बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
दिल्ली में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन में भी गरज‑चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 0.4 मिमी, पालम में 1.4 मिमी, लोधी रोड में 1.0 मिमी और आयानगर में 3.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
अगले दो-तीन बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश से लेकर बिहार और ओडिशा तक अगले दो-तीन में बारिश का अलर्ट है. पूर्वी भारत, मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश, ओलावृष्टि से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. भुवनेश्वर, कोलकाता जैसे शहरों में भी रेन अलर्ट है.
यह भी पढ़ें- यूपी में बूंदाबांदी के साथ फिर मौसम ने ली करवट, आंधी-बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे तक चेतावनी
यूपी और हरियाणा में रेन अलर्ट
हरियाणा के कोसली, महेंद्रगढ़, रेवाडी, नारनौल, बावल में बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश में बिजनौर, खतौली, सकौती टांडा, हस्तिनापुर, चांदपुर, बड़ौत, किठौर, अमरोहा, मुरादाबाद, गढ़मुक्तेश्वर, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, रामपुर, सिकंदराबाद, चंदौसी, पिलखुआ, हापुड, गुलौती, सियाना, संभल, बिलारी, बुलंदशहर में हल्की बारिश होने की संभावना है. यूपी में जहांगीराबाद, अनूपशहर, बहजोई में रेन अलर्ट है.राजस्थान के झुंझुनू, तिजारा, खैरथल, कोटपुतली, अलवर, विराटनगर में भी बरसात हो रही है.
तापमान में आई गिरावट
तापमान की बात करें तो सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है. वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है. मंगलवार सुबह लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री, रिज क्षेत्र में 17.2 डिग्री (सामान्य से 2.9 डिग्री कम) और आयानगर में 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बन रहा पुल अचानक ढहा, अंतिम चरण में था निर्माण - Video हुआ वायरल
बारिश से AQI में भी सुधार
बारिश का असर हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला. सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 111 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम' श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 0‑50 ‘अच्छा', 51‑100 ‘संतोषजनक', 101‑200 ‘मध्यम', 201‑300 ‘खराब', 301‑400 ‘बहुत खराब' और 401‑500 ‘गंभीर' श्रेणी माने जाते हैं.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में भी दिल्ली‑NCR में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं