विज्ञापन

भद्दे कमेंट किये, बांस से पीटा, कपड़े फाड़े... दिल्‍ली के नेहरू प्‍लेस में नॉर्थ-ईस्ट की दो लड़कियों से बदसलूकी

दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में नॉर्थ-ईस्ट की दो युवतियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है.

भद्दे कमेंट किये, बांस से पीटा, कपड़े फाड़े... दिल्‍ली के नेहरू प्‍लेस में नॉर्थ-ईस्ट की दो लड़कियों से बदसलूकी
नई दिल्‍ली:

नॉर्थ ईस्‍ट की महिलाओं पर पहले भद्दी टिप्‍पणियां कीं, फिर तीखी बहस के बाद बात मारपीट तक उतर आई. इसके बाद तो दिल्‍ली के नेहरू प्‍लेस में जो हुआ, उसे सुनकर लोगों की रूह कांप गई. सरेआम नॉर्थ ईस्‍ट की महिलाओं के साथ मारपीट की गई और इस दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिये गए. नेहरू प्लेस इलाके में नॉर्थ-ईस्ट की दो युवतियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. पीड़िताओं का आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले अश्लील टिप्पणियां कीं और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

कैसे शुरू हुआ विवाद? 

दिल्‍ली पुलिस के मुताबिक, 10 मई की सुबह करीब 7 बजे थाना कालकाजी पुलिस को महिलाओं के संकट में होने की PCR कॉल मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो इरोस होटल के पास दो युवतियां मिलीं, जिनमें एक असम और दूसरी नगालैंड की रहने वाली बताई जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया कि कुछ युवकों ने युवतियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. विरोध करने पर विवाद बढ़ा और कथित तौर पर मारपीट हुई. पीड़िताओं का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए. लड़कों ने बांस से भी महिलाओं को पीटा. दोनों पीड़िताओं को मेडिकल जांच के लिए AIIMS ले जाया गया. 

CCTV खंगाले और 4 युवकों को हिरासत में लिया

मामले में थाना कालकाजी में FIR नंबर 259/2026 दर्ज की गई है. पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की. इसके बाद चार आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस ने अब सभी चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें :- जनकपुरी में 3 साल की मासूम से रेप के आरोपी को सिर्फ 7 दिन में जमानत, परिजनों ने PM मोदी से लगाई मदद की गुहार

एक बार फिर देश की राजधानी शर्मसार 

पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फहाद, मोहम्मद सवेज, मोहम्मद आरिफ और अमन उर्फ मोहम्मद फहीम के तौर पर हुई है. साउथ ईस्ट जिले के DCP हेमंत तिवारी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है. दिल्ली में नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों के साथ बदसलूकी की यह घटना एक बार फिर राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है.

ये भी पढ़ें :- दिल्ली में देर रात तड़तड़ाई गोलियां, एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com