विज्ञापन

ओडिशा में गैंगवार! बंदूक की नोक पर किडनैपिंग, फिर युवक को मारी गोली, नदी किनारे मिली लाश

ओडिशा के रायगड़ा शहर में गैंगवॉर की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बंदूक की नोक पर युवक का किडनैप किया गया और बाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई. रविवार सुबह नागावली नदी किनारे उसका शव मिला. पुलिस को पुरानी रंजिश का शक है.

ओडिशा में गैंगवार! बंदूक की नोक पर किडनैपिंग, फिर युवक को मारी गोली, नदी किनारे मिली लाश

Odisha Gang War: ओडिशा के रायगड़ा शहर में शनिवार रात ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. गैंगवार के अंदाज में एक युवक को पहले बंदूक की नोक पर अगवा किया गया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. अगली सुबह उसका शव नदी किनारे मिलने से हड़कंप मच गया. घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल है और पुलिस के सामने कानून‑व्यवस्था संभालना बड़ी चुनौती बन गया है.

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 10 बजे रायगड़ा शहर के इंदिरानगर इलाके की है. अंबेडकर साही इलाके का रहने वाला युवक निखिल किसी काम से बाहर निकला था. इसी दौरान चार हथियारबंद बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया.

दो राउंड फायरिंग, जान बचाने घर में घुसा युवक

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने निखिल पर दो राउंड फायरिंग की. गोली चलने से घबराकर निखिल जान बचाने के लिए पास के एक घर में जा छिपा. लेकिन हमलावर यहीं नहीं रुके. वे जबरन उस घर में घुसे और निखिल को खींचकर बाहर निकाल लिया.

बंदूक की नोक पर किडनैपिंग 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने निखिल को बंदूक दिखाकर कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए. पूरी घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए. थोड़ी ही देर में इलाके में अफरा‑तफरी मच गई.

रविवार सुबह नदी किनारे मिली लाश

अगले दिन रविवार सुबह पुलिस को रायगड़ा के कोंडातुम्बिगुड़ा इलाके में नागावली नदी किनारे एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान निखिल के रूप में की. शुरुआती जांच में उसके जांघ और पीठ पर गोली लगने के निशान पाए गए.

मां की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

पुलिस अधीक्षक (SP) स्वाति ने बताया कि रात करीब 12:50 बजे निखिल की मां ने बेटे के किडनैप होने की शिकायत दर्ज कराई थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक को खोजने के लिए कई टीमें बना दीं, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई.

पुरानी रंजिश का शक, मृतक पर थे आपराधिक केस

पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा हो सकती है. अधिकारियों ने बताया कि निखिल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे. इसी वजह से गैंगवार की आशंका को भी गंभीरता से देखा जा रहा है.

आरोपी चिन्हित, चार टीमों का गठन- SP

SP स्वाति का कहना है कि हत्या में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग‑अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं. लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही बदमाशों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है.

CCTV खंगाल रही पुलिस, इलाके में फोर्स तैनात

घटना के बाद पुलिस और साइंटिफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. इंदिरानगर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पूरी मूवमेंट ट्रैक की जा सके. रायगड़ा SDPO गौरहरि साहू ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com