- मथुरा में खेत में काम कर रही दलित नाबालिग के साथ रेप.
- आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और जांच चल रही है.
- आरोपी पहले ही 3 साल की सजा काटकर जमानत पर जेल से बाहर आया था.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में जमानत पर जेल से बाहर आए एक शख्स को एक दलित नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. एजेंसी के मुताबिक, एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि आरोपी की पहचान मोरा गांव के रहने वाले जय किशन (25) के तौर पर हुई है, जिसे स्थानीय पुलिस ने पांच सितंबर को बाटी मघेरा क्रॉसिंग के पास से पकड़ा था.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन सितंबर को नाबालिग लड़की खेत में काम कर रही थी, तभी जय किशन उसे पास की एक सुनसान जगह पर ले गया और उससे दुष्कर्म किया. उन्होंने बताया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर किशन ने लड़की को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी और वहां से भाग गया.
कई धाराओं में दर्ज हुआ केस...
सूत्रों ने बताया कि शिकायत के आधार पर किशन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) (बलात्कार) और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) और यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: हनीट्रैप की शातिर हसीना: पहले प्यार, फिर तकरार और फिर ब्लैकमेलिंग; पिता और वकील भी थे साथ, सभी गिरफ्तार
पहले भी कई अपराध में शामिल रहा है आरोपी...
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह तीन साल की सजा काटने के बाद करीब एक साल पहले ही जमानत पर जेल से रिहा हुआ था. उन्होंने बताया कि साल 2022 में जय किशन गांव के ही एक शख्स के साथ झगड़े में शामिल था और इस दौरान उसने कथित तौर पर पीड़ित की आंखें अपनी उंगलियों से निकाल दी थीं.
पुलिस ने बताया कि पांच सितंबर को गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मथुरा में निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग गिरी, एक मजदूर की मौत; कई के दबने की आशंका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं