विज्ञापन

LIVE Updates: मिडिल ईस्ट जंग के बीच अलर्ट मोड में केंद्र सरकार, संसद भवन में बुलाई सर्वदलीय बैठक

ईरान में जारी जंग का असर दुनियाभर के बाजार पर पड़ रहा है. इस बीच भारत सरकार ने आज शाम 5 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. वहीं ट्रंप ने कल पीएम मोदी को फोन कॉल कर पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की.

LIVE Updates: मिडिल ईस्ट जंग के बीच अलर्ट मोड में केंद्र सरकार, संसद भवन में बुलाई सर्वदलीय बैठक

ईरान में छिड़ा युद्ध तीन हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भले ही ईरान के कुछ ठिकानों पर 5 दिनों के लिए हमले रोकने की घोषणा की हो, लेकिन जमीनी हालात अब भी तनाव से भरे हैं और दोनों ओर से छिटपुट हमले जारी हैं. इस पूरे संकट का असर भारत की चिंताओं पर भी पड़ा है, जिसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के दोनों सदनों में बयान दिया था.

इसी बीच केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है. यह बैठक बुधवार शाम 5 बजे संसद भवन में होगी, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे. बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू समेत कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे. विदेश सचिव विक्रम मिस्री के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है. विपक्ष की लंबे समय से चल रही मांग के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है.

ट्रंप का पीएम मोदी को फोन

इसी पश्चिम एशिया संकट के बीच मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई. दोनों नेताओं की यह चर्चा मौजूदा वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

हरीश राणा का अंतिम संस्कार आज

इसके अलावा मंगलवार शाम दिल्ली एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन हो गया. 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट से इच्छामृत्यु की अनुमति मिलने के बाद यह देश का पहला मामला था. 13 साल से वे ‘वेजेटेटिव स्टेट' में थे और कोर्ट के फैसले के बाद उनका इलाज बंद कर दिया गया था. आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. 

सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती

उधर, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत फिर बिगड़ गई है और उन्हें देर रात सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी निगरानी कर रही है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com