विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2017

आप ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा, गोपाल राय ने कहा- यह मोदी लहर नहीं, ईवीएम लहर है

आप ने हार का ठीकरा EVM पर फोड़ा, गोपाल राय ने कहा- यह मोदी लहर नहीं, ईवीएम लहर है
आप नेता ने कहा कि ईवीएम की वजह से एमसीडी चुनाव आप हारी.
  • आप नेताओं ने ईवीएम को हार के लिए जिम्‍मेदार ठहराया
  • एमसीडी चुनावों में बीजेपी को भारी बढ़त
  • दूसरे स्‍थान के लिए आप और कांग्रेस के बीच संघर्ष
एमसीडी चुनावों में बीजेपी की भारी बढ़त के बीच आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने कहा है कि यह मोदी लहर नहीं, ईवीएम लहर है. आप नेता आशुतोष ने भी गोपाल राय के ही सुर में सुर मिलाते आप की हार का ठीकरा ईवीएम पर ही फोड़ा. आप से ही जुड़े नगेंद्र शर्मा ने बीजेपी पर तंज कसते हुए ट्वीट कर कहा कि पिछले एक दशक से दिल्‍ली की गलियों की बिना सफाई किए ही जीत हासिल की. आखिर ऐसा हो भी क्‍यों न, जब मशीन(ईवीएम) आपके साथ हो तो आपकी इच्‍छा का कोई मतलब नहीं रह जाता. हालांकि इस बीच हार के कारणों पर मंथन के लिए आप नेता मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर एकत्र हुए हैं.
 उल्‍लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने से पहले जब एग्जिट पोल आए थे तो गोपाल राय ने कुछ इसी अंदाज में बात कही थी. उस वक्‍त जब गोपाल राय से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर EVM की चलती है तो ये सर्वे सही है, बल्कि हमारी हालत इससे भी बुरी हो सकती है, लेकिन अगर जनता की चली तो आम आदमी पार्टी आज नंबर 1 पर है और बहुत बड़े मार्जिन से आम आदमी पार्टी चुनाव जीतेगी.

उससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य चुनाव आयोग को आड़े हाथ लेते हुए कहा था कि मतदान के दिन 'खराब' इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की खबरें दिल्ली के हर हिस्से से आ रही हैं. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मान्य वोटर पर्चियां होने के बाद भी कई वोटरों को नगर निगम चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं करने दिया गया. गौरतलब है कि केजरीवाल ने पहले मांग की थी कि वीवीपीएटी से लैस ईवीएम से मतदान कराने का इंतजाम किए जाने तक चुनाव टाल दिए जाएं.

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'ईवीएम में खराबी की खबरें पूरी दिल्ली से आ रही हैं, वोटर पर्चियों से लैस लोगों को भी वोट डालने नहीं दिया जा रहा. राज्य चुनाव आयोग कर क्या रहा है?' आयोग के एक अधिकारी ने स्वीकार किया कि कुछ जगहों से 'तकनीकी गड़बड़ी' की खबरें आई हैं, लेकिन उन गड़बड़ियों को दूर कर दिया गया.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EVM Issue, MCD Elections 2017, Gopal Rai, Ashutosh, AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com