विज्ञापन

मथुरा में ढोंगी IIT बाबा गिरफ्तार, पहले लड़कियों से करता था गंधर्व विवाह, फिर दुष्‍कर्म

गोवर्धन पुलिस ने IIT रुड़की के मेकैनिकल इंजीनियर युवक को बाबा बनकर युवतियों का ब्रेनवॉश कर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है.

मथुरा में ढोंगी IIT बाबा गिरफ्तार, पहले लड़कियों से करता था गंधर्व विवाह, फिर दुष्‍कर्म
मथुरा:

IIT रुड़की से मेकैनिकल इंजीनियर युवक ने बाबा का भेष धर लिया और लड़कियों का ब्रेनवॉश कर दुष्‍कर्म करने लगा, लेकिन अब ये ढोंगी सलाखों के पीछे पहुंच गया है. मथुरा के गोवर्धन से ये चौंकाने वाला मामला सामने आया है. युवतियों को बहला-फुसलाकर और कथित रूप से ब्रेनवॉश कर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक बाबा भेष धारी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपी बाबा, युवक-युवतियों को अपने समूह में शामिल करता और फिर उन्‍हें मानसिक रूप से प्रभावित कर आपत्तिजनक गतिविधियों को अंजाम देता था.

इंजीनियर से बना ढोंगी बाबा 

गोवर्धन थाना पुलिस ने अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास नामक आरोपी को राधाकुंड के शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार किया है. आरोपी मूल रूप से भुवनेश्वर, ओडिशा का रहने वाला है और अभी गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था. बाबा भेषधारी युवक IIT रुड़की से मेकैनिकल इंजीनियर बताया जा रहा है. ये युवक इंजीनियर से बाबा कब और क्‍यों बना, पुलिस ये पता लगाने में जुटी हुई है. 

लड़कियों से गंधर्व विवाह कराता और फिर...

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक एवं युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें समूह से जोड़ता था. आरोप है कि वह युवकों और युवतियों का ब्रेनवॉश कर तथाकथित गंधर्व विवाह कराता था और बाद में उन्हीं युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाता था. आरोपी बाबा भेषधारी युवक के फोन से लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो भी बरामद हुए हैं.

बाबा ने कितनी लड़कियों को बनाया शिकार? 

गोवर्धन सीओ अनिल सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक युवती ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और उससे पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके संपर्क में और कितने युवक-युवतियां आए थे, कहीं अन्य पीड़ित भी तो नहीं हैं. बताया ये भी जा रहा कि साधु भेष धारी युवक पढ़ी-लिखी लड़कियों को ऑनलाइन प्रवचन और भजन कीर्तन करके फंसाता था और उनके वीडियो बना लेता था.

ये भी पढ़ें :-बाबा और नाबालिग पोती के प्रेम संबंध ने लांघी रिश्ते की मर्यादा, कुएं में मिले शव, चोट के निशान का सच क्या?

फिलहाल गोवर्धन पुलिस आरोपी के नेटवर्क और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें :- नासिक में एक और ढोंगी बाबा, श्मशान में पशु बलि देकर पिलाता था शराब, मौत का डर दिखाकर हड़पे लाखों रुपये

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com