- कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में बाइक टक्कर के बाद पिता और दो बेटों पर दबंगों ने चाकू और हेलमेट से हमला किया
- हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में है
- घटना की शुरुआत बाइक टक्कर से हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर हिंसक झगड़ा हुआ
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक मामूली बाइक टक्कर दोहरे हत्याकांड में बदल गई. काम से घर लौट रहे पिता और उनके दो बेटों पर दबंगों ने चाकू और हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है.
कैसे हुई वारदात?
किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे. रविवार शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे.इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में यशोदा नगर बाईपास के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई.
चाकू और हेलमेट से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक चाकू निकालकर शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.हेलमेट से भी जमकर वार किए गए.हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन दबंगों ने उन्हें भी अभद्रता से धमकाया.
अस्पताल में तोड़ा दम
राहगीरों की सूचना पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल भिजवाया.जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यम घायल है.
आरोपी फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए हालांकि मौजूद भीड़ ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.भीड़ ने एक आरोपी शिवा को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
परिवार में पसरा मातम
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिसर में करुण क्रंदन का माहौल बन गया.स्थानीय लोगों में दबंगों के इस खूनी तांडव को लेकर जबरदस्त आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है.
यह भी पढ़ें- गैस कटर से कटते थे ताले, मिनटों में गायब होता था हजारों लीटर पेट्रोल; IOCL डिपो के पास पुलिस का बड़ा एक्शन!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं