विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में हो रहे वोटर लिस्ट के गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज है. सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर तीखा हमला किया. ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मुक्य चुनाव आयुक्त का हाल धनखड़ जैसा होगा. मालूम हो कि चुनाव आयुक्त से मिलने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ-साथ टीएमसी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी अभिषेक बनर्जी, पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी और अन्य लोग ऑफिस पहुंचे थे.
असम में बीजेपी की सरकार, वहां SIR क्यों नहीं: ममता बनर्जी
चुनाव आयुक्त से मिलने के बाद ममता बनर्जी ने सवाल उठाते हुए कहा- चुनाव से 3 महीने पहले SIR क्यों किया? चुनाव वाले राज्यों को छोड़ सकते थे? असम में बीजेपी सरकार है वहां SIR नहीं किया. उन्होंने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आप बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं. आप वोट जोड़ नहीं रहे, काट रहे हैं.
#WATCH | Delhi: Outside the Election Commission Office in Delhi, West Bengal CM Mamata Banerjee says, "They say whatever they have done is right. They did not allow any outside cameramen to enter. They are working under the BJP's direction... Around 2 crore people's names have… pic.twitter.com/DNtb1XYKoX
— ANI (@ANI) February 2, 2026
ममता बनर्जी ने आगे कहा 150 लोगों की मौत हुई. इतने लोगों की मौत हुई, उसकी जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है. आपके पास बीजेपी का पॉवर है, हमारे पास जनता का पॉवर है. हमारे साथ ख़राब व्यवहार किया गया.ऐसा अहंकारी चुनाव आयोग मैंने नहीं देखा.
मैं लाखों लोगों को लाकर यहां परेड करवा सकती हूंः ममता बनर्जी
दिल्ली में चुनाव आयोग के ऑफिस के बाहर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "वे कहते हैं कि उन्होंने जो कुछ भी किया है, वह सही है. उन्होंने किसी भी बाहरी कैमरामैन को अंदर नहीं आने दिया. वे भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं... करीब 2 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं. मैं दिल्ली में लाखों लोगों को यहां ला सकती हूं और मैं उन्हें किसी के भी सामने परेड करवा सकती हूं..."
मैंने ऐसा अहंकारी चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखाः ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा, "मैं बहुत दुखी हूं. मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में शामिल हूं. मैं 4 बार मंत्री और 7 बार सांसद रही हूं. मैंने ऐसा अहंकारी और झूठा चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा. मैंने उनसे कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज्जत करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती. एक दिन आपको जाना ही होगा... बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है. चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होते हैं, लेकिन आपने 98 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौका नहीं दिया..."
भाजपा ने कहा- ममता SIR पर बेवजह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही
चुनाव आयोग पर ममता बनर्जी के लगाए गए आरोपों पर बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल से बीजेपी के सांसद सुकांत मजूमदार ने NDTV से कहा, ममता बनर्जी फिर SIR मसले पर बेवजह राजनीति और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही हैं. SIR की प्रक्रिया 11 राज्यों में चल रही है. अभी सिर्फ ड्राफ्ट लिस्ट जारी हुआ है.
यह भी पढ़ें - ''मुझे देख कर भाग क्यों रहे हो,''- ममता ने दिल्ली पुलिस पर बंग भवन पर निगरानी रखने का लगाया आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं