अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के सीनियर अंतरिक्ष यात्री डोनाल्ड आर. पेटिट ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 की एक अद्भुत तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है. यह तस्वीर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से ली गई थी. तस्वीर साझा करते हुए पेटिट ने लिखा कि "ISS से ली गई 2025 प्रयाग महा कुंभ मेले की मेरी सबसे बेहतरीन तस्वीर. यह भारत में पवित्र नदियों के किनारे होने वाली हिंदुओं की एक ऐसी तीर्थयात्रा है जो 144 साल में एक बार होती है और दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है, इस एक ही तस्वीर में लाखों लोग दिखाई दे रहे हैं"
कौन हैं डोनाल्ड आर. पेटिट?
एस्ट्रोनॉट डोनाल्ड आर. पेटिट नासा के अनुभवी अंतरिक्ष यात्री और वैज्ञानिक हैं. उन्हें वर्ष 1996 में नासा ने अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना था. अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है. नासा से जुड़ने से पहले उन्होंने लॉस अलामोस नेशनल लेबोरेटरी में वैज्ञानिक के रूप में काम किया और कई महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं में योगदान दिया.
पेटिट अब तक चार अंतरिक्ष मिशनों में हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने अंतरिक्ष में कुल 590 दिन बिताए हैं और 13 घंटे से अधिक समय तक स्पेसवॉक भी किया है. हाल ही में वह 11 सितंबर 2024 को सोयुज MS-26 अंतरिक्ष यान के जरिए ISS पहुंचे थे और लगभग सात महीने तक वहां रहे. 19 अप्रैल 2025 को वह पृथ्वी पर लौटे.
My best shot of the 2025 Prayag Maha Kumbh Mela from ISS. It is a once in a 144 year Hindu pilgrimage to sacred riverbanks in India and one of the largest events in the world, with millions of people in this single photo! pic.twitter.com/O8OtGTfeul
— Don Pettit (@astro_Pettit) August 20, 2026
क्या है ISS?
ISS यानी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पृथ्वी की कक्षा में मौजूद एक विशाल अंतरिक्ष प्रयोगशाला है. यह पृथ्वी से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर परिक्रमा करता है. यहां विभिन्न देशों के अंतरिक्ष यात्री वैज्ञानिक प्रयोग करते हैं और अंतरिक्ष में मानव जीवन से जुड़ी तकनीकों का परीक्षण करते हैं. यही वह मंच है जहां से डोनाल्ड पेटिट ने महाकुंभ की यह आकर्षक तस्वीर कैद की.
महाकुंभ की भव्यता ने किया प्रभावित
प्रयागराज महाकुंभ 2025 दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में से एक रहा. गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम पर आयोजित इस मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं ने स्नान और पूजा-अर्चना की. विशाल जनसमूह, रोशनी और अस्थायी नगरी की भव्यता अंतरिक्ष से भी साफ दिखाई दी.
डोनाल्ड पेटिट केवल वैज्ञानिक ही नहीं बल्कि शानदार अंतरिक्ष फोटोग्राफर भी माने जाते हैं. ISS पर अपने मिशन के दौरान उन्होंने पृथ्वी की अनेक दुर्लभ तस्वीरें खींचीं. महाकुंभ की तस्वीर को भी उनकी सबसे खास तस्वीरों में शामिल माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- स्पेस में बन सकेगा 'सरसों का साग'! अंतरिक्ष में खेती, भारतीय मूल के एस्ट्रोनॉट अनिल ने चखा स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं