हॉलीवुड की एक फिल्म है, 'द मार्शियन' (The Martian). इस फिल्म में एक एस्ट्रोनॉट की कहानी दिखाई गई है, जो मंगल ग्रह पर फंस जाता है. सालों तक वहां रहता है और जिंदा रहने के लिए वहां खेती करके फसल उगाता है. ये तो फिल्म की कहानी है, लेकिन वैज्ञानिकों ने असल जिंदगी में भी यह कारनामा कर दिया है. इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन यानी ISS पर एस्ट्रोनॉट ने खुद उगाई गई केल और सरसों का स्वाद चखा. खास बात यह है कि जिन एस्ट्रोनॉट ने अंतरिक्ष में फसल उगाई, उनमें भारतीय मूल के अनिल मेनन भी शामिल हैं.
एक महीने की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल
ISS पर अंतरिक्ष यात्रियों जेसिका और अनिल मेनन ने करीब एक महीने से ज्यादा समय तक इन हरी पत्तेदार सब्जियों को उगाया. फसल तैयार होने के बाद उन्होंने इन्हें तोड़ा और खाया. अंतरिक्ष यात्रियों के मुताबिक, यह उनके लिए अब तक के सबसे बेहतरीन भोजन अनुभवों में से एक था. भारतीय मूल के NASA के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन ने इसका वीडियो भी शेयर किया है.
Chez ISS - Cooking on @Space_Station with @Astro_Jessica and Anil
— Anil Menon (@astro_anil) August 17, 2026
On this episode we give you farm to table, simple, and delicious. This Kale and Wasabi Mustard was grown on ISS over one month. We harvested several leaves and put them to the test. It might be the best meal we… pic.twitter.com/Oq9narSiu9
अंतरिक्ष में कैसे हुई खेती?
इस प्रयोग के पीछे NASA का वेजिटेबल प्रोडेक्शन सिस्टम (Veggie) और उसकी एक्सपर्ट टीम है. खेती के लिए सामान्य मिट्टी का इस्तेमाल नहीं किया गया. इसके बजाय स्पेशल सीड पिलो का इस्तेमाल किया गया, जिनमें पौधों के लिए जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. पौधों की वृद्धि के लिए खास लाल और नीली LED लाइटें लगाई गईं, जो फोटो सिंशेथिथ में मदद करती हैं. वहीं रीसायकल किए गए पानी और नियंत्रित वातावरण के जरिए पौधों की देखभाल की गई.
'द मार्शियन'को किया याद
अनिल मेनन ने एक्स पर इस उपलब्धि के लिए मशहूर साइंस-फिक्शन फिल्म 'द मार्शियन' का भी जिक्र किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर फिल्म का किरदार मार्क वॉटनी उन्हें देखता, तो उसे जरूर गर्व होता. फिल्म में मार्क वॉटनी मंगल ग्रह पर जीवित रहने के लिए आलू उगाता है.
क्यों खास है यह मिशन?
- इस तरह अंतरिक्ष में फसल उगाने के बाद एस्ट्रोनॉट को ताजी सब्जियां मिल सकेंगी, जिससे जरूरी विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट मिलेगा, जोकि उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं.
- अंतरिक्ष स्टेशन के धातु और मशीनों से भरे वातावरण में पौधों की हरियाली देखना और उनकी देखभाल करना अंतरिक्ष यात्रियों को मानसिक राहत देता है.
- पौधे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ते हैं. इसलिए भविष्य में चंद्रमा और मंगल जैसे लंबे अभियानों में ये छोटे-छोटे स्पेस गार्डन काफी कारगर साबित हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: भारत का ‘दिव्यास्त्र' तैयार, बिना रनवे और लॉन्च पैड के उड़ान, बॉर्डर पर दुश्मन के लिए बनेगा काल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं