लखनऊ के शिवा शर्मा मर्डर केस के बाद से फरार चल रही श्रद्धा दुबे अब सामने आ गई है. बुधवार देर रात श्रद्धा का एक वीडियो सामने आया. जिसमें वो हाथ जोड़कर अपनी बातें रखती नजर आ रही है. इस वीडियो में श्रद्धा दुबे ने शिवा शर्मा की मौत को सुसाइड बताया है. वो यह भी कह रही है कि वह जल्द ही पुलिस को अपना बयान देगी. मालूम हो कि शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे के नेपाल भाग जाने की बात चल रही थी. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें अलग-अलग जगह दबिश दे रही थी.
शिवा शर्मा ने आत्महत्या कीः श्रद्धा दुबे
इस बीच श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सामने आया. जिसमें वो हाथ जोड़कर अपील कर रही हैं कि किसी के साथ मेरा नाम न जोड़ा जाए. शिवा शर्मा की मौत को लेकर श्रद्धा दुबे इस वीडियो में यह कहती है कि शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई. शिवा शर्मा ने आत्महत्या की थी. श्रद्धा दुबे ने वीडियो में यह भी कहा कि पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने को तैयार हूं.
पुलिस की 4 टीमें कर रही थी तलाश
मालूम हो कि शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे की तलाश जारी थी. हजरतगंज SHO विक्रम सिंह के मुताबिक दोनों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दे चुकी थी. दोनों बहनों के संपर्कों और संभावित ठिकानों को खंगाला जा रहा था.
अभी श्रद्धा दुबे कहां? वीडियो में नहीं बताया
कहा जा रहा था कि नेपाल कनेक्शन आने पर पुलिस की एक टीम श्रद्धा की तलाश में नेपाल भी भेजी जा सकती है. इस बीच श्रद्धा दुबे का यह वीडियो सामने आया. हालांकि इस वीडियो में श्रद्धा ने यह नहीं बताया कि वो अभी कहां है? लेकिन उसने यह. जरूर कहा कि वह पुलिस के सामने बयान देगी.
श्रद्धा दुबे पर ब्लैकमेलिंग के आरोप
बताते चले कि मॉडलिंग और सोशल मीडिया से जुड़ी श्रद्धा की ग्लैमर वाली जिंदगी के पीछे रिश्तों, पैसों, महंगे गहनों और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई आरोप सामने आए हैं. शिवा और श्रद्धा करीब चार महीने से लिव-इन में थे. परिजनों ने श्रद्धा पर शिवा को पुराने केस और लाखों के गहनों को लेकर दबाव में रखने और ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.
यह भी पढ़ें - मॉडलिंग, लिव-इन और फिर फरारी! कौन हैं श्रद्धा-रश्मि दुबे..लखनऊ के शिवा शर्मा केस में खुल रहे कई राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं