Loni Air Pollution: लोनी की हवा अभी दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा प्रदूषित है. (फोटो-PTI)
- गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र की हवा में कई औद्योगिक और घरेलू प्रदूषक मिलकर इसे अत्यंत जहरीला बनाते हैं
- लोनी क्षेत्र में कूड़े के उचित निस्तारण की कमी के कारण खुले में जलाने से जहरीला धुआं निकलता है
- ईंट भट्टों से निकलने वाला धुआं और धूल भी लोनी की हवा को गंभीर रूप से प्रदूषित करता है
Delhi NCR Air Pollution: दिल्ली एनसीआर में गाजियाबाद के लोनी की हवा सबसे ज्यादा दमघोंटू है. लोनी की हवा को जहरीला कोई एक फैक्टर नहीं बनाता है, बल्कि इसके पीछे कई सारी वजहें हैं. इनमें उसकी भौगोलिक स्थिति से लेकर वहां की आबादी और यहां तक कि इस इलाके के आर्थिक हालात भी इसके लिए जिम्मेदार हैं. यही वज़ह है कि यहां पर प्रदूषकों का एक कॉकटेल बनता है जो इस इलाके में रहने वालों के लिए बेहद खतरनाक है.
लोनी की हवा क्यों खतरनाक, ये 10 कारण
- लोनी के आसपास कई सारे औद्योगिक इलाके हैं. इन इलाकों से निकलने वाला धुआं तो परेशानी की वजह है ही, लेकिन साथ ही साथ इस इलाके में घरों से भी कई सारे छोटे मोटे उद्योग चलते हैं. इसमें धातुओं को गलाने के लिए फर्नेस तक का इस्तेमाल होता है, जिससे कई सारे हानिकारक केमिकल का धुआं बाहर निकलता है. जो पहले से ही प्रदूषित हवा को और खतरनाक बना देता है.
- टूटी फूटी सड़कें दूसरी वजह है. ये इलाका दिल्ली एनसीआर के सबसे ज्यादा आबादी वाले इलाकों के साथ ही सबसे पिछड़े इलाकों में भी आता है. सरकारी एजेंसियों की अनदेखी इस इलाके की सड़कों में सबसे ज्यादा दिखाई पड़ती है. इसलिए जब प्रदूषण का मौसम आता है, तो ये धूल पहले से ही मौजूद खराब हवा में और जहर भर देती है.
- पिछड़ा इलाका होने के बावजूद ये इलाका दिल्ली, गाजियाबाद और बागपत के बीचों-बीच पड़ता है. यहां पर दिल्ली एनसीआर में घर का सपना देखने वालों के लिए सस्ती जमीन मुहैया हो जाती है, जिसकी कनेक्टिविटी आसपास के इलाकों से भी अच्छी है. इसी वज़ह से यहां पर कंस्ट्रक्शन का काम लगातार चलता रहता है. कई सारे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट पर भी इस इलाके में काम चल रही है, जिसकी वजह से गहरी खुदाई भी चलती रहती है और नतीजा जबरदस्त धूल का प्रदूषण.
- लोनी दिल्ली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों से जोड़ता भी है. हाल ही में बने इस्टर्न एक्सप्रेसवे और दिल्ली देहरादून हाई वे का हिस्सा भी लोनी के पास से गुजरता है. इन दोनों सड़कों पर बड़े ट्रक चोबीसों घंटे चलते हैं और दिल्ली के प्रदूषण को कम करने का खामियाजा इस इलाके को उठाना पड़ता है. साथ ही कई सारे शहरों को लोनी के जरिए ही जोड़ा जाता है. यही वज़ह है कि यहां पर ट्रैफिक का वॉल्यूम भी बाकी इलाकों से कहीं अधिक है.
- ज्यादा आबादी होने और साथ ही पिछड़ा होने की वज़ह से इस इलाके में कूड़े का निस्तारण भी एक बड़ी समस्या है. इस इलाके से जितना कूड़ा पैदा होता है, उसके हिसाब से निस्तारण की सुविधाएं गैर मौजूद हैं. जिसकी वजह से यहां के स्थानीय लोग या तो कूड़े को खुले में छोड़ देते हैं या फिर कूड़े में आग लगाने जैसी घटनाएं यहां पर काफी आम है. घरेलू के साथ ही औद्योगिक कूड़े को भी यहां खुले में जलाया जाता है, जिससे निकलने वाला धुआं काफी खतरनाक होता है.
- लोनी के पास ही बागपत है. ये इलाका पारंपरिक तरीके से ईंट भट्टो के लिए भी जाना जाता है. ईंट के भट्ठों की काफी संख्या लोनी से कुछ ही किलोमीटर के दायर में है. भट्ठों से निकलने वाले धुएं के साथ ही ईंट के लिए खोदी जाने वाले खेत से धूल भी काफी निकलता है. यानी ईंट के भट्ठे धुएं के साथ ही धूल की बड़ी वजह बनते हैं.
- दिल्ली एनसीआर का हिस्सा होने की वजह से लोनी को उन कारकों से भी निबटना पड़ता है, जो दिल्ली के बाकी इलाकों को प्रभावित करते हैं. साथ ही लगे गाजियाबाद और उत्तर पूर्वी दिल्ली के इलाकों में गाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. गाड़ियों का ये प्रदूषण जो कि दिल्ली के साथ के सभी इलाकों को प्रभावित करता है, उससे लोनी भी अछूता नहीं रहता.
- सर्दियों के मौसम में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं पूरे उत्तर भारत में प्रदूषण के सबसे बड़े कारकों में से एक है. लोनी के नजदीक के ग्रामीण इलाकों में से कई में पराली जलाने की घटनाएं सर्दी शुरू होते ही दिखने लगती हैं. इसलिए पंजाब-हरियाणा जैसे राज्यों के प्रदूषण के साथ ही यूपी के गांवों को पराली प्रदूषण का असर भी लोनी में होता है.
- यमुना किनारे होने के साथ ही लोनी ग्रामीण इलाकों के पास भी है. इसकी वजह से सर्फेस टेंपरेचर बाकी इलाकों से कम रहता है. जैसे ही जमीन के पास का तापमान कम होता है, वैसे ही हवा की मिक्सिंग हाइट यानी वो ऊंचाई जहां प्रदूषक तत्व आपस में मिलते हैं, वो भी कम हो जाती है. कम ऊंचाई पर प्रदूषक आकर हवा में मौजूद नमी की वजह से अटक से जाते हैं और इस तरह वो लोनी और आसपास के रहने वालों के लिए कहीं ज्यादा खतरनाक होते हैं.
- कई सारे केमिकल जिनमें सल्फर डाई ऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड, अमोनिया जैसे तत्व मौजूद हैं, वो पीएम 2.5 जैसे धूल कणों के साथ केमिकल रिएक्शन भी करते हैं. चूंकि लोनी के इलाके में इन केमिकलों की अधिकता है, इसलिए केमिकल और धूल कणों का रिएक्शन कोई तीसरा और खतरनाक केमिकल बना देता है. जिससे इस इलाके की हवा कहीं और जानलेवा बन जाती है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में कब चलेगी प्रदूषण उड़ाने वाली तेज हवा, क्या आज आएगी बारिश?
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Loni, Ghaziabad, Ghaziabad Air Pollution, Delhi NCR Air Pollution, Delhi Ncr Air Pollution News