विज्ञापन

IPS लक्ष्मी सिंह कौन हैं? अपराधी खाते हैं खौफ, नोएडा के बाद अब संभालेंगी गाजियाबाद की कमान

उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया प्रशासनिक फेरबदल में नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

IPS लक्ष्मी सिंह कौन हैं? अपराधी खाते हैं खौफ, नोएडा के बाद अब संभालेंगी गाजियाबाद की कमान
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह
ians

उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े स्तर पर IPS अधिकारियों के तबादले करते हुए कई पुलिस कमिश्नरेट में बदलाव किए हैं. गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड को नोएडा का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि अब तक नोएडा पुलिस कमिश्नर रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा वाराणसी और प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.

साल 2000 बैच की IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह को प्रशासनिक फेरबदल के तहत नोएडा पुलिस कमिश्नर के पद से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. वह यूपी में पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभालने वाली पहली महिला अधिकारी रही हैं. दिसंबर 2022 में नोएडा कमिश्नरेट का नेतृत्व संभालने के बाद उन्होंने करीब 4 वर्षों तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया. इसी के साथ वह देश में किसी पुलिस कमिश्नरेट में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली महिला IPS अधिकारियों में शामिल हो गईं. उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और हाई-प्रोफाइल मामलों के प्रबंधन को लेकर उनकी कार्यशैली चर्चा में रही. 1 जनवरी 2025 को उन्हें एडीजी रैंक में पदोन्नत किया गया था.

सख्त पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं लक्ष्मी सिंह

2000 बैच की आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह को उत्तर प्रदेश की प्रभावशाली पुलिस अधिकारियों में गिना जाता है. अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ के कारण उन्होंने पुलिस महकमे में अलग पहचान बनाई है. UPSC परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया 33वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में कदम रखा.

कई प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजी जा चुकी हैं

IPS लक्ष्मी सिंह को कई महत्वपूर्ण पुरस्कार मिल चुके हैं. उन्हें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है. इसके अलावा PM मोदी से सिल्वर बैटन, गृह मंत्रालय से 9 एमएम पिस्टल और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अन्य पुलिस सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं. लक्ष्मी सिंह स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में डीआईजी के पद पर भी तैनात रह चुकी हैं. इस दौरान उन्होंने कई संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामलों की निगरानी की. चर्चित विकास दुबे कांड की जांच में भी वे शामिल रहीं. लक्ष्मी सिंह ने कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाए. अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली की अक्सर चर्चा होती रही है.


राजनीति में सक्रिय हैं लक्ष्मी सिंह के पति राजेश्वर सिंह

IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह के पति राजेश्वर सिंह का नाम भी प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में काफी चर्चित रहा है. राजेश्वर सिंह वर्तमान में लखनऊ की सरोजिनी नगर विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं. राजनीति में आने से पहले उन्होंने पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. राजेश्वर सिंह पूर्व IPS अधिकारी रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में जॉइंट डायरेक्टर के पद पर कार्य कर चुके हैं.

ये भी पढें : यूपी में 28 IPS ट्रांसफर, नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का गाजियाबाद तबादला, वाराणसी-प्रयागराज के कमिश्नर भी बदले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS Ashutosh Bagri, Lakshmi Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com