लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना के शुरुआती रुझान कतई अप्रत्याशित नहीं लग रहे हैं, क्योंकि NDA को ही बहुमत मिलता नजर आ रहा है, लेकिन फिर भी चौंका रहे हैं, क्योंकि एग्जिट पोल के अंदाजों के विपरीत NDA को इस वक्त तक लगभग 59 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है, जबकि दूसरी और विपक्षी I.N.D.I.A. गठबंधन को अब तक 89 सीटों का फायदा होता नज़र आ रहा है.
किसको किसको हो रहा है नुकसान
9:15 बजे तक कांग्रेस को अकेले 45 सीटों का लाभ नज़र आ रहा है, जबकि सिर्फ BJP को 49 सीटों का नुकसान होता दिखाई दे रहा है. NDA के सहयोगियों में TDP, LJP (रामविलास), JDS, RLD और HAM को लाभ नजर आ रहा है, जबकि I.N.D.I.A. में DMK, TMC, JKNC को ही नुकसान दिखाई दे रहा है.
इस दौरान, अन्य दलों को भी कुल 22 सीटों का नुकसान होता दिखाई दे रहा है, जिनमें BJD और YSRCP प्रमुख हैं, जिन्हें क्रमशः 8 और 16 सीटों का नुकसान हो सकता है.
उत्तर प्रदेश में एनडीए और इंडिया में कांटे का मुकाबला
इस लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर उत्तर प्रदेश में होता हुआ नजर आ रहा है. शुरूआती रूझानों में इंडिया गठबंधन और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में कांटे का मुकाबला चल रहा है. इंडिया गठबंधन 39 सीटों पर आगे चल रहा है तो एनडीए भी 39 सीटों पर ही आगे चल रहा है. शुरूआती खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी सीट आगे चल रहे हैं. वहां उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय से है.
नरेंद्र मोदी सरकार की मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में पीछे चल रही हैं. वहां कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा बढ़त बनाए हुए हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लखनऊ में पीछे चल रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Himachal Election Result 2024: मंडी लोकसभा सीट से कंगना रनौत पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं