विज्ञापन
This Article is From May 17, 2024

हरियाणा में आचार संहिता लागू होने के बाद से 56 करोड़ रुपये की शराब, मादक पदार्थ और नकदी जब्त

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में मतदाता आदर्श आचार संहिता के विषय में जागरुक हैं. नागरिक सी-विजिल मोबाइल ऐप के माध्यम से आयोग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें भेज रहे हैं.

हरियाणा में आचार संहिता लागू होने के बाद से 56 करोड़ रुपये की शराब, मादक पदार्थ और नकदी जब्त
विभिन्न एजेंसियों ने 12.54 करोड़ रुपये मूल्य की 3,83,038 लीटर अवैध शराब जब्त की है.
चंडीगढ़:

लोकसभा चुनाव के लिए 16 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने हरियाणा में लगभग 56 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, शराब और बेहिसाब नकदी जब्त की है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य में बुधवार तक लगभग 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है. इसके अलावा, 44.69 करोड़ रुपये की अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं. हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी तरीके से लोकसभा चुनाव कराने के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद राज्य में पुलिस, आयकर विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है.

अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कार्रवाई के परिणामस्वरुप, 11.50 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है. इसमें से पुलिस द्वारा 5.48 करोड़ रुपये, आयकर विभाग द्वारा 3.03 करोड़ रुपये, आबकारी विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय द्वारा 2.98 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं.

इसके अलावा विभिन्न एजेंसियों ने 12.54 करोड़ रुपये मूल्य की 3,83,038 लीटर अवैध शराब जब्त की है. इसमें से 2,78,613 लीटर शराब पुलिस ने जब्त की है. उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने 13.32 करोड़ रुपये मूल्य के 63.04 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं. इसके अलावा 15.84 करोड़ रुपये का कीमती सामान और 2.97 करोड़ रुपये का अन्य सामान भी जब्त किया गया है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य में मतदाता आदर्श आचार संहिता के विषय में जागरुक हैं. नागरिक सी-विजिल मोबाइल ऐप के माध्यम से आयोग को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें भेज रहे हैं. अग्रवाल ने कहा कि इन शिकायतों को 100 मिनट के भीतर हल कर लिया जाता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Lok Sabha Election 2024, Lok Sabha Elections 2024, Liquor, Drugs And Cash Worth Rs 56 Crore Seized
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com