- कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शराब से भरी कार में आग लगने के बाद लोग शराब के पैकेट लेकर भागते नजर आए.
- घटना स्थल पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने शराब के पैकेट पानी से भरे गड्ढे से निकालकर ले जाने की कोशिश की.
- पुलिस ने शराब बरामद कर कार को कब्जे में लिया, जबकि वाहन सवार लोग आग लगने के बाद फरार हो गए थे.
बिहार में शराबबंदी कानून की हकीकत को उजागर करने वाला एक वीडियो कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से सामने आया है. दसौती गांव के पास एक हरियाणा नंबर की कार में आग लगने के बाद ऐसा घटनाक्रम हुआ कि पुलिस पहुंचने पर भी लोग शराब के पैकेट लेकर भागते नजर आए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क से गुजर रही एक सफेद कार में अचानक आग लग गई. बताया जाता है कि वाहन में शराब लदी हुई थी. आग लगने और पकड़े जाने के डर से कार सवार लोग गाड़ी को सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में धकेलकर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर मोहनिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.

इसी दौरान कार के भीतर से भारी मात्रा में शराब के पैकेट और बोतलें पानी में बहकर बाहर आने लगीं. शराब दिखाई देते ही वहां मौजूद लोगों की भीड़ टूट पड़ी. कई लोग पानी में उतर गए और शराब के पैकेट उठाकर ले जाने लगे. बताया जा रहा है कि यह सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई.
पीटीसी अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. वाहन से शराब बरामद हुई है, लेकिन कार में सवार लोग पहले ही फरार हो चुके थे. पुलिस ने कार और बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, मोहनिया थानाध्यक्ष मुकेश कुमार का कहना है कि ग्रामीणों ने शराब के पैकेट उठाए जरूर थे, लेकिन बाद में उन्हें वापस ले लिया गया और कोई भी व्यक्ति शराब लेकर नहीं भागा. हालांकि, सामने आए वीडियो में कुछ लोग शराब के पैकेट लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं. घटना के बाद शराबबंदी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.
ये भी पढ़ें : चुनाव नहीं लड़ना, जो हमारे लिए शुभ है वही करेंगे; अखिलेश यादव ने बताया क्यों विधानसभा इलेक्शन में नहीं उतरेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं