- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में केतन की मंगेतर सिया गोयल शराब पीती हुई नजर आ रही है
- केतन अग्रवाल हत्या के आरोपी सिया और चेतन ने वारदात के बाद अपने मोबाइल से हज़ारों मैसेज डिलीट किए
- पुलिस जांच में पाया गया है कि चेतन चौधरी ने सिया गोयल को केतन अग्रवाल की हत्या के लिए उकसाया था
सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की आरोपी सिया गोयल शराब पीती हुई दिख रही है. वीडियो में सिया के भाई साहिल को भी देखा जा सकता है. इस वीडियो ने चल रही जांच में एक नया मोड़ ला दिया है. इस वीडियो पर पीड़ित केतन के परिवार ने तुरंत प्रतिक्रिया दी है और सिया की मां के हालिया इंटरव्यू पर गंभीर सवाल उठाए हैं. सिया की मां ने साफ तौर पर दावा किया था कि उनकी बेटी कभी शराब नहीं पीती थी, लेकिन परिवार का कहना है कि नए फुटेज ने इस दावे को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है.
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए केतन के परिवार ने गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह सोचना ही दर्दनाक है कि रिश्ते के दौरान केतन और उसके अपनों से कितने गहरे राज छिपाकर रखे गए थे.
सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने हजारों मैसेज डिलीट किए
इधर केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच में पता चला है कि घटना के बाद आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने अपने मोबाइल फोन से सभी मैसेज डिलीट कर दिए थे. पुणे ग्रामीण पुलिस ने वारदात के तीन दिन बाद, 18 जून को दोनों को गिरफ़्तार किया था, इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर अपने कॉल लॉग और मैसेज हिस्ट्री मिटा दी थी. दोनों के बीच हज़ारों मैसेज का आदान-प्रदान हुआ था, जिन्हें उन्होंने सबूत मिटाने के लिए नष्ट करने की कोशिश की.

चेतन ने ही सिया को मंगेतर की हत्या के लिए उकसाया: पुलिस
रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या मामले की जांच में सामने आया है कि सह-आरोपी चेतन चौधरी ने ही अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को उसकी हत्या के लिए उकसाया था. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह सामने आया है कि चौधरी ने ही गोयल को लोहागढ़ किले पर अग्रवाल की हत्या करने के लिए उकसाया था.'' उन्होंने बताया कि मामले में गोयल के भाई से भी पूछताछ की गई है.
मीडिया में आई उन खबरों के बारे में पूछे जाने पर, जिनमें दावा किया गया था कि अग्रवाल (25) के विग पहनने के कारण सिया उसे पसंद नहीं करती थी, पुलिस सूत्र ने कहा कि यह सही है कि केतन विग पहनता था, लेकिन यह नहीं कहा जा सकता कि सिया के उसे नापसंद करने का यही एकमात्र कारण था.

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) के खिलाफ केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. इन दोनों के आपस में प्रेम संबंध थे. आरोप है कि 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले में अग्रवाल को एक चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई.
जांच से जुड़े पुणे देहात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि चट्टान वाले स्थान पर पहुंचने के बाद पहले से तय संकेत सिया ने चेतन चौधरी को दिया, जिसके बाद चौधरी ने अग्रवाल को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
इस बीच, सिया गोयल की मां ने दावा किया कि उनकी बेटी 18 जून को लोहागढ़ किले जाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन केतन अग्रवाल और उनकी मां ने उसे वहां जाने के लिए मना लिया.

उन्होंने कहा, ‘‘17 जून की शाम सिया और केतन के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी. इस दौरान केतन ने सिया से लोहागढ़ चलने का आग्रह किया. कॉल के दौरान केतन की मां ने भी सिया से बात की और उसके साथ जाने के लिए कहा. सिया ने उन्हें बताया था कि अगले दिन एक पारिवारिक कार्यक्रम है, इसलिए वह ट्रैकिंग पर नहीं जाना चाहती और आराम करना चाहती है.''
वहीं, सिया गोयल के पिता ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि शादी के लिए उदयपुर में एक महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की गई थी. उन्होंने कहा, ‘‘यह सही है कि शादी उदयपुर में होनी थी. होटल का किराया प्रति जोड़े के हिसाब से प्रतिदिन लगभग 81 हजार रुपये था और हमने 70 कमरे बुक किए थे. लेकिन शादी पर हमारा कुल खर्च तीन करोड़ रुपये से अधिक नहीं था.''
इसे भी पढ़ें: केतन मर्डर केस में फास्ट-ट्रैक ट्रायल को मंजूरी, पुणे पुलिस लोहागढ़ किले में क्राइम सीन करेगी रीक्रिएट
इसे भी पढ़ें: केतन हत्याकांड: मंगेतर की 'विग और हकलाने' वाली थ्योरी पर भड़के पिता, बोले- वो ना कह सकती थी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं