- लोनावला पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से आठ घंटे तक केतन अग्रवाल मामले में पूछताछ की
- साहिल ने बताया कि सिया ने कभी परिवार को केतन से नापसंदगी के बारे में जानकारी नहीं दी थी
- पुलिस ने सिया और केतन के बीच हुए मैसेज और कॉल लॉग्स डिलीट करने का भी खुलासा किया है
पुणे जिले के लोनावला में चल रहे बहुचर्चित केतन अग्रवाल मामले में आज लोनावला पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से पूछताछ की. करीब 8 घंटे तक चली इस पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम तथ्य पुलिस के सामने आए हैं. लोनावला पुलिस ने आज सिया के भाई साहिल गोयल से सुबह 11:00 बजे पूछताछ शुरू की और शाम 7:30 बजे तक पूछताछ जारी रखी.
इस 8 घंटे के दौरान पुलिस ने साहिल से सिया और केतन के रिश्तों, पारिवारिक पृष्ठभूमि और घटना से जुड़े कई अहम सवाल पूछे.
इस पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने कई महत्वपूर्ण बातें निकलकर आई हैं. सबसे प्रमुख बात जो साहिल गोयल ने पुलिस जांच के दौरान कही, वह सिया और केतन की शादी से जुड़ी थी. साहिल ने पुलिस को बताया कि, "अगर सिया ने हमें एक बार भी यह बताया होता कि वह केतन को पसंद नहीं करती है, तो हम उसकी शादी केतन के साथ रोक दे." सिया के भाई का यह बयान पुलिस जांच की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है.
इससे यह स्पष्ट होता है कि संभवतः सिया ने अपनी नापसंदगी या परेशानी के बारे में अपने परिवार से कोई जिक्र नहीं किया था. पुलिस इस 8 घंटे की लंबी पूछताछ से निकले सभी तथ्यों को केस डायरी में दर्ज कर चुकी है और अब इन्ही बयानों के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने और गहराई से जांच करने में जुट गई है.
सिया-चेतन ने मैसेज डिलीट किए
जांच में खुलासा हुआ है कि सिया और चेतन ने वारदात को अंजाम देने के बाद अपने मोबाइल फोन से सारे मैसेज और कॉल लॉग्स डिलीट कर दिए थे. पुणे ग्रामीण पुलिस ने दोनों को घटना के तीन दिन बाद 18 जून को गिरफ्तार किया था और इसी दौरान आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए अपने बीच हुए हजारों मैसेजों के डिजिटल ट्रेल को नष्ट करने की कोशिश की.
पुलिस ने फॉरेंसिक लैब भेजे फोन
फॉरेंसिक लैब भेजे गए फोन पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश करने के लिए सिया-चेतन के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) भेज दिया है. जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि आईटी एक्सपर्ट्स द्वारा डिलीट किए गए डेटा और संदेशों को रिकवर करने के बाद इस मामले में कई अहम और पुख्ता सबूत सामने आएंगे, जिससे आरोपियों के खिलाफ केस और मजबूत होगा.
ये भी पढ़ें-
केतन हत्याकांड: मंगेतर की 'विग और हकलाने' वाली थ्योरी पर भड़के पिता, बोले- वो ना कह सकती थी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं