विज्ञापन

प्याज लेकर दिल्ली आने वाली 'कान्दा एक्सप्रेस' नासिक में क्यों फंसी? आने में होगी देरी

प्याज के दामों आई बढ़ोतरी के बाद केंद्र ने दिल्ली-NCR में 35 रुपये किलो प्याज बेचने का फैसला किया. लेकिन नासिक के लासलगांव में 'कांदा एक्सप्रेस' में प्याज की लोडिंग बहुत धीमी स्पीड से हो रही है.

प्याज लेकर दिल्ली आने वाली 'कान्दा एक्सप्रेस' नासिक में क्यों फंसी? आने में होगी देरी
'कांदा एक्सप्रेस' प्याज की लोडिंग धीमी. (File Photo)
नासिक:

प्याज की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली-NCR में 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेचने का फैसला किया है. इसके लिए महाराष्ट्र के नासिक से 'कांदा एक्सप्रेस' स्पेशल ट्रेनों के जरिए प्याज की सप्लाई आने की उम्मीद है. नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) इस हफ्ते के आखिर में दिल्ली और आस-पास के इलाकों में कम कीमत पर प्याज बेचना शुरू करेगा. NCCF शुरुआत में दिल्ली और आस-पास के इलाकों में अपने 10 रिटेल आउटलेट्स के जरिए बिक्री शुरू करेगा. इसके अलावा, NCCF द्वारा चलाए जा रहे 105 'भारत ब्रांड' रिटेल स्टोर्स पर भी 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेचा जाएगा.

अब महाराष्ट्र से खबर आई है कि नासिक के लासलगांव से दिल्ली भेजे जाने वाले प्याज की लोडिंग में देरी हो रही है, जहां दिन भर में मात्र 20 क्विंटल माल लोड हो सका और देर रात 7 ट्रक रेलवे स्टेशन पहुंचे.

लोडिंग में क्यों लग रहा वक्त?

महाराष्ट्र के लासलगांव से दिल्ली भेजी जाने वाली स्पेशल 'कान्दा एक्सप्रेस' की लोडिंग प्रक्रिया प्रभावित हो गई है. पूरे दिन में सिर्फ 20 क्विंटल प्याज ही लोड हो सका, जबकि देर रात तक महज सात ट्रक रेलवे स्टेशन पहुंचे. इससे ट्रेन के वक्त पर रवाना होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.

प्रीमियम प्याज की छंटाई में लग रहा समय

सूत्रों के मुताबिक, बफर स्टॉक में रखा गया काफी प्याज खराब हो चुका है. यही वजह है कि रेलवे रैक में केवल अच्छी क्वालिटी और प्रीमियम कैटेगरी का प्याज ही लोड किया जा रहा है. खराब स्टॉक में से उपयुक्त प्याज को अलग करने की प्रक्रिया धीमी हो गई है.

ये भी पढ़ें: Onion Price: 35 रुपये में 1 किलो प्‍याज, दिल्‍ली में 115 दुकानों पर मिलेगा, चेन्नई, गुवाहाटी, मदुरै भी पहुंचेगी कांदा एक्‍सप्रेस

दिल्ली सप्लाई पर हो सकता है असर

एक-एक प्याज की छंटाई और गुणवत्ता की वजह से लोडिंग की रफ्तार काफी धीमी हो गई है. इसके चलते यह भी साफ नहीं है कि निर्धारित समय में पूरी लोडिंग हो पाएगी या नहीं. अगर देरी जारी रही तो कान्दा एक्सप्रेस के दिल्ली रवाना होने पर असर पड़ सकता है.

प्रशासन और एजेंसियां खराब प्याज भेजने का जोखिम नहीं लेना चाहतीं, इसलिए केवल बेहतर गुणवत्ता वाले प्याज को ही चुना जा रहा है. लेकिन इस प्रक्रिया ने सप्लाई चेन की गति को प्रभावित कर दिया है, जिससे कान्दा एक्सप्रेस के संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं.

(नासिक से नीलेश वाघ के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: त्योहारी सीजन में बिगड़ा रसोई का बजट, चीनी के बाद दाल-चावल और प्याज भी महंगा, जानें कितना बढ़ा भाव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Onions, Nashik, Kanda Express, Delhi NCR
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com