विज्ञापन

31 साल पुराने मामलों में फरार 'काली सरकार' गिरफ्तार, हरदोई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला को दबोचा

हरदोई-झांसी में नाम बदलकर दरबार लगाने और काली सरकार के नाम से पहचान बनाने वाला प्रदीप शुक्ला आखिरकार हरदोई पुलिस के हत्थे चढ़ गया. प्रदीप शुक्ला के खिलाफ 1993 से 1998 तक कई मुकदमे दर्ज हैं.

31 साल पुराने मामलों में फरार 'काली सरकार' गिरफ्तार, हरदोई पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला को दबोचा
प्रदीप शुक्ला उर्फ काली सरकार पर क्‍या-क्‍या केस?
  • हरदोई पुलिस ने 31 साल पुराने आपराधिक मामलों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला को गिरफ्तार किया है
  • प्रदीप शुक्ला के खिलाफ 1993 और 1998 में दर्ज मुकदमों में अदालत ने स्थायी वारंट जारी किया था
  • आरोपी को काली पंडित, नटरोज और काली सरकार के नाम से भी जाना जाता है और वह लंबे समय से फरार था
हरदोई:

नाम बदलकर दरबार लगाने और काली सरकार के नाम से पहचान बनाने वाला प्रदीप शुक्ला आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया. आरोपी के खिलाफ 1993 और 1998 के पुराने मुकदमों में अदालत ने स्थायी वारंट जारी किया था. उत्तर प्रदेश के हरदोई में पुलिस ने करीब 31 साल पुराने मुकदमों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर प्रदीप शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को काली पंडित, नटरोज और झांसी में सत्यानंद शुक्ला उर्फ काली सरकार के नाम से भी जाना जाता है. लंबे समय से पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा प्रदीप शुक्ला आखिरकार हरदोई पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

1993 और 1998 में दर्ज हुए थे मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, प्रदीप शुक्ला हरदोई के चौहान थोक इलाके का रहने वाला है. उसके खिलाफ कोतवाली शहर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इन मामलों में अदालत की ओर से स्थायी वारंट जारी किया गया था. इसके बावजूद वह लंबे समय से फरार चल रहा था.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रदीप शुक्ला के खिलाफ पहला मामला साल 1993 में दर्ज हुआ था. मुकदमा संख्या 523/1993 में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया था. इसी साल उसके खिलाफ एक और मुकदमा संख्या 465/1993 दर्ज हुआ. इसमें आईपीसी की धारा 394, 397 और 411 लगाई गई थीं. इसके अलावा साल 1998 में मुकदमा संख्या 304/1998 में आईपीसी की धारा 324 के तहत भी मामला दर्ज किया गया था. इन पुराने मामलों में आरोपी लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहा था. इसी वजह से उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था.

पुलिस की विशेष कार्रवाई में हुई गिरफ्तारी

हरदोई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस ने प्रदीप शुक्ला को गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेश शर्मा और हेड कांस्टेबल अर्पित तोमर शामिल रहे. हरदोई के सिटी सीओ अजीत चौहान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में प्रदीप शुक्ला के खिलाफ वारंट प्राप्त कर उसे गिरफ्तार किया गया.

ये भी पढ़ें:- चूहे की पूंछ बांधकर जिंदा जलाया, वीडियो वायरल होने पर झांसी के 4 लड़कों पर FIR दर्ज

सीओ के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस गिरफ्तारी को हरदोई पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी पिछले कई वर्षों से पुराने आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था.

ये भी पढ़ें:- अब कभी चोरी नहीं करूंगा... नोएडा से बकरा चोरी करके दिल्ली में बेचता था आरोपी, पुलिस ने किया एनकाउंटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hardoi, UP Police, UP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com