Kailash Mansarovar Yatra 2026 Rules And Regulations: कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को नई गाइडलाइन जारी कर दी है. इस साल यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को चीन की सीमा में एंट्री, सामान के वजन और मेडिकल फिटनेस से जुड़े कुछ बेहद सख्त नियमों का पालन करना होगा.
सिर्फ 20 किलो ही ले जा सकेंगे चीन
चीन के हिस्से (तिब्बत) में अब हर यात्री अपने साथ सिर्फ 20 किलो तक का जरूरी सामान ले जा सकेगा. कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के मुताबिक, विदेश मंत्रालय ने हर ग्रुप को अलग से केवल 5 किलो एक्स्ट्रा वजन ले जाने की छूट दी है. ध्यान रहे कि तिब्बत में भारतीय खाना नहीं मिलता. इसलिए गाजियाबाद की एक समिति यात्रियों को चावल, दाल और मसाले जैसा सूखा राशन देती है, जिसे आपको इसी 20 किलो के बैग में एडजस्ट करना होगा.
डॉक्टर ने रोका तो सफर वहीं खत्म
इतना ही नहीं, हर यात्री दल के साथ 5 लोगों की एक सर्विस टीम चलेगी, जिसमें एक डॉक्टर और चार कुक होंगे. इस बार का सबसे कड़ा नियम यही है कि अगर रास्ते में डॉक्टर को लगता है कि सेहत या किसी भी अन्य वजह से आगे बढ़ना ठीक नहीं है, तो पूरे ग्रुप को उसी पॉइंट से अपनी यात्रा खत्म करके वापस लौटना होगा.
मेडिकल किट में मिलेगी राहत
दुर्गम रास्तों पर मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए यात्रियों को अपने साथ 20 अलग-अलग तरह की बीमारियों से जुड़ी दवाइयां ले जाने की परमिशन दी गई है.
30 जून से शुरू होगा सफर
यात्रियों का पहला जत्था 30 जून को नई दिल्ली से रवाना होगा और 5 जुलाई को धारचूला बेस कैंप पहुंचेगा. यात्रियों के लिए किए गए इंतजामों में कोई कमी न रहे, इसकी चेकिंग के लिए विदेश मंत्रालय की एक टीम 25 जून को पिथौरागढ़ पहुंच रही है. यह टीम लिपुलेख दर्रे तक जाकर भारतीय सीमा में हुई पूरी तैयारियों का जायजा लेगी.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली पहुंचने से पहले ही कमजोर पड़ा मानसून, कम बारिश के बीच किसानों के लिए सरकार का 'प्लान B' तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं