- झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को सुबह नौ बजे से चार बजे तक मतदान होगा.
- झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि उनके पास कुल 61 विधायकों का समर्थन है, जो 56 से अधिक है.
- झामुमो गठबंधन में कुल 56 विधायक हैं- झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4, भाकपा माले के 2 विधायक हैं.
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चल रही सियासी जंग अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. 18 जून को सुबह नौ बजे से चार बजे तक विधानसभा भवन में वोट डाले जाएंगे. जिसके ठीक बाद शाम पांच बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी. कागज पर सत्ताधारी गठबंधन का पलड़ा भारी है, लेकिन राज्यसभा की अनूठी वोटिंग प्रक्रिया और क्रॉस वोटिंग के अंदरूनी खतरे ने रांची के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
मारे पास कुल 61 विधायकों का समर्थन : झामुमो का दावा
इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक ट्वीट पर राज्य में सनसनी फैल गयी है. झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने अपने एक्स हैंडल पर एक कार्ड पोस्ट किया. जिसमें लिखा हुआ है 56 नहीं 61. एनडीटीवी ने जब उनसे इस बारे मे बात किया तो उन्होंने इतना ही कहा कि हमारे पास कुल 61 विधायकों का समर्थन है. जब उनसे ये सवाल किया गया कि वे कौन कौन है तो उनका जवाब था ये 18 जून को मतदान के दिन पता चल जाएगा. उनका इशारा साफ-साफ एनडीए में टूट की ओर है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एनडीए के कौन-कौन विधायक झामुमो गठबंधन को समर्थन दे रहे हैं.
निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवाणी को NDA का समर्थन
झामुमो गठबंधन में इस समय 56 विधायक हैं. जिसमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार व भाकपा माले के दो विधायक हैं. झामुमो ने बैजनाथ राम को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है. वहीं, कांग्रेस ने प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि एनडीए खेमा निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवाणी को समर्थन दे रहा है. एनडीए के पास 24 विधायक हैं, जबकि जितने के लिए कुल 28 विधायकों की जरूरत पड़ेगी.
झारखंड के दो सीटों पर एक प्रत्याशी को जीतने के लिए कम से कम 28 विधायकों के वोट की जरूरत है. तकनीकी रूप से झामुमो गठबंधन के दोनों प्रत्याशी जीत रहे हैं, पर परिमल नाथवाणी के उतरने से हार्स ट्रेडिंग की आशंका जतायी जा रही है. कांग्रेस ने इस आशंका को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखा था. हेमंत सोरेन पिछले कुछ दिनों से शांत थे. अब झामुमो ने कांग्रेस की इसी आशंका के जवाब में कहा है कि हमारे पास 56 नहीं 61 है. यानी एनडीए में झामुमो गठबंधन सेंध लगायेगा.
ये भी पढें : झारखंड राज्यसभा चुनाव: एनडीए विधायकों की 'होटल पॉलिटिक्स' शुरू, रेडिसन ब्लू में डाला डेरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं