विज्ञापन

झारखंड में डिजिटल होगा शासन! 4 लाख शिक्षकों को AI ट्रेनिंग से हेल्थ तक, सोरेन ने बनाया मेगा प्लान

झारखंड CM हेमंत सोरेन ने गूगल, माइक्रोसॉफ्ट सहित अन्य बड़ी तकनीकी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य में AI आधारित सुशासन और डिजिटल बदलावों के बारे चर्चा की.

झारखंड में डिजिटल होगा शासन! 4 लाख शिक्षकों को AI ट्रेनिंग से हेल्थ तक, सोरेन ने बनाया मेगा प्लान
अलग-अलग टेक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते झारखंड सीएम हेमंत सोरेन.
सोशल मीडिया
  • झारखंड CM हेमंत सोरेन ने AI आधारित सुशासन और डिजिटल बदलावों के लिए कई टेक कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
  • बैठक में गूगल, Oracle, Microsoft, IBM, AWS समेत कई IT कंपनियों ने भाग लेकर सहयोग के अवसरों पर चर्चा की.
  • गूगल ने झारखंड के चार लाख शिक्षकों के लिए तीन माह का AI प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव दिया.
नई दिल्ली:

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने AI आधारित सुशासन और डिजिटल बदलावों को गति देने के लिए कई टेक कंपनियों के साथ एक अहम बैठक की है. इस बैठक के बाद CM हेमंत सोरेन ने सभी हितधारकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार तकनीकी नवाचारों को अपनाने और AI आधारित सुशासन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी पारंपरिक ज्ञान-सम्पदा और स्थानीय बुद्धिमत्ता का आधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ समन्वय कर विकास का एक नया एवं समावेशी मॉडल स्थापित करेगा.

झारखंड को प्रौद्योगिकी आधारित विकास का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में CM हेमंत सोरेन ने विजन 2050 पर आयोजित राष्ट्रीय हितधारक परामर्श के दौरान वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकों की अध्यक्षता की. इन बैठकों का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सुशासन, डिजिटल अवसंरचना, नवाचार, क्लाउड तकनीक तथा भविष्य के लिए सक्षम मानव संसाधन विकसित करने हेतु रणनीतिक साझेदारी स्थापित करना रहा.

इस बैठक में गूगल, Oracle, Microsoft, IBM, AWS, Salesforce, Techstar, Leah AI, Mamsys सहित कई बड़ी आईटी कंपनियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया. झारखंड में उभरती तकनीकों के माध्यम से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की.

टेक कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते झारखंड सीएम हेमंत सोरेन.

टेक कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते झारखंड सीएम हेमंत सोरेन.

गूगल झारखंड के 4 लाख शिक्षकों को देगी AI ट्रेनिंग

Google के प्रतिनिधि लोकेश लोहिया के साथ हुई बैठक में AI आधारित सुशासन, स्मार्ट हेल्थकेयर, आपातकालीन सेवाओं, भाषा आधारित AI समाधान तथा डिजिटल स्किलिंग पर चर्चा हुई. कंपनी ने राज्य के 3 से 4 लाख K-12 शिक्षकों के लिए 3 माह का AI प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव दिया.

साथ ही, झारखंड सरकार और Google के बीच स्टेटमेंट ऑफ इंटेंट (SoI) पर हस्ताक्षर करने का प्रस्ताव भी रखा गया. बैठक में एआई आधारित एम्बुलेंस प्रबंधन एवं एकीकृत स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ.

Oracle के सीनियर डायरेक्टर (डेटा प्लेटफॉर्म) तौसीफ सिद्दीकी ने राज्य के AI, क्लाउड एवं डिजिटल स्किलिंग इकोसिस्टम को सशक्त बनाने में साझेदारी की इच्छा व्यक्त की. कंपनी ने उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, प्रमाणन, कार्यबल विकास, नवाचार एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर सहयोग का प्रस्ताव रखा.

बैठक में मौजूद अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधि.

बैठक में मौजूद अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधि.

Microsoft के सीटीओ इंडिया केशरी अस्थाना के साथ बैठक में सभी सरकारी विभागों के डेटा को एकीकृत करने वाले AI संचालित डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के विकास पर चर्चा हुई. इसके माध्यम से साक्ष्य-आधारित निर्णय, विभागीय प्रक्रियाओं का स्वचालन तथा डेटा गवर्नेंस को मजबूत करने पर बल दिया गया. साथ ही लो-कोड प्लेटफॉर्म के उपयोग से सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण को गति देने पर भी विचार हुआ.

IBM के सीनियर एडवाइजर तल्लीन कुमार ने खनन, स्वास्थ्य, बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा क्षेत्रों के लिए एआई आधारित समाधान प्रस्तुत किए. कंपनी ने बुद्धिमान डेटा एनालिटिक्स, खनन निगरानी, सुरक्षित डेटा साझाकरण तथा राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एआई समाधान विकसित करने के लिए नि:शुल्क प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (PoC) का प्रस्ताव दिया.

SaaS के साथ हुई चर्चा में एआई आधारित एनालिटिक्स, हाइब्रिड क्लाउड, साइबर सुरक्षा एवं इंटेलिजेंट डेटा प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, लीकेज कम करने, सेवा वितरण को बेहतर बनाने तथा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रमों के जरिए संस्थागत क्षमता निर्माण पर विचार-विमर्श हुआ.

AWS के प्रिंसिपल एआई स्पेशलिस्ट सचिन पुनयानी के साथ हुई बैठक में सुरक्षित क्लाउड अवसंरचना, एआई आधारित डेटा एकीकरण, डिजिटल गवर्नेंस, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), शिक्षा तथा केंद्रीकृत निर्णय समर्थन डैशबोर्ड विकसित करने पर चर्चा हुई. कंपनी ने राज्य में एआई आधारित सुशासन समाधान प्रदर्शित करने के लिए नि:शुल्क प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (PoC) की भी पेशकश की. बैठक के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उद्योग प्रतिनिधियों के सुझावों एवं प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया.

AI और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का लक्ष्य

राष्ट्रीय हितधारक परामर्श के अंतर्गत आयोजित इन B2G बैठकों ने यह स्पष्ट किया कि वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियां झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करने के प्रति उत्साहित हैं. राज्य सरकार भी नवाचार, डिजिटल अवसंरचना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सुशासन और कौशल विकास के माध्यम से झारखंड को देश के अग्रणी डिजिटल एवं निवेश गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand CM, Jharkhand CM Hemant Soren, Hemant Soren, Digital Governance, Jharkhand News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com