Neeraj Chopra vs Arshad Nadeem CWG 2026: भारत और पाकिस्तान जब भी किसी खेल मैदान पर आमने सामने आते हैं तो मुकाबला सिर्फ दो खिलाड़ियों या दो टीमों के बीच नहीं रहता. करोड़ों खेल प्रेमियों की नजरें उस मुकाबले पर टिक जाती हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही होने वाला है, लेकिन मैदान क्रिकेट का नहीं, जैवलिन थ्रो का होगा. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में आज पुरुषों के जैवलिन थ्रो का क्वालिफिकेशन खेला जाएगा. भारत के नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम एक बार फिर एक ही मैदान पर उतरेंगे. दोनों की नजर पहले क्वालिफिकेशन पार करने पर होगी, ताकि 31 जुलाई की रात होने वाले फाइनल में मेडल की लड़ाई लड़ी जा सके.
पहला कदम फाइनल की ओर
क्वालिफिकेशन में सिर्फ अच्छी दूरी फेंकना ही काफी नहीं होगा. खिलाड़ियों को अपने ग्रुप में मजबूत प्रदर्शन करना होगा ताकि फाइनल का टिकट मिल सके. ऐसे में शुरुआत से ही मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने वाला है. अगर नीरज और नदीम दोनों उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हैं तो फाइनल में एक और हाई वोल्टेज भारत-पाक मुकाबला देखने को मिल सकता है.
नीरज के नाम लगभग हर बड़ा खिताब
नीरज चोपड़ा पिछले कुछ सालों में दुनिया के सबसे सफल जैवलिन थ्रोअर बनकर उभरे हैं. ओलंपिक गोल्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और डायमंड लीग. शायद ही कोई बड़ा खिताब बचा हो जो उन्होंने नहीं जीता हो. उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है. सबसे बड़ी बात यह है कि नीरज बड़े टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पहचाने जाते हैं.
अरशद नदीम को हल्के में लेना आसान नहीं
अगर कोई खिलाड़ी पिछले कुछ वर्षों में नीरज को सबसे ज्यादा चुनौती देता नजर आया है तो वह अरशद नदीम हैं. पेरिस ओलंपिक 2024 में नदीम ने 92.97 मीटर का थ्रो फेंककर ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता. यही नहीं, यह एशियाई रिकॉर्ड भी है. उस मुकाबले में नीरज सिल्वर मेडल जीत सके थे. 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी नदीम ने पाकिस्तान को 60 साल बाद एथलेटिक्स में गोल्ड दिलाया था. इसके अलावा 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा था.
हेड टू हेड में कौन आगे?
नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम की टक्कर नई जरूर है, लेकिन अब तक दोनों कई बार एक दूसरे के सामने उतर चुके हैं. दोनों की पहली भिडंत 2016 साउथ एशियन गेम्स में हुई थी. तब से लेकर अब तक दोनों 11 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आमने सामने आए हैं. इन मुकाबलों में आंकड़े साफ बताते हैं कि नीरज का पलड़ा भारी रहा है. भारतीय स्टार ने 10 बार नदीम को पीछे छोड़ा है, जबकि पाकिस्तानी खिलाड़ी सिर्फ एक बार नीरज से आगे रहे हैं. हालांकि वह एक जीत पेरिस ओलंपिक के फाइनल में आई थी, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा.
पिछली मुलाकात में दोनों रहे थे फीके
टोक्यो में हुई 2025 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप दोनों खिलाड़ियों के लिए यादगार नहीं रही. नीरज आठवें और नदीम दसवें स्थान पर रहे. उस प्रतियोगिता में त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट ने गोल्ड मेडल जीता था. अब दोनों खिलाड़ियों के पास कॉमनवेल्थ गेम्स में वापसी का मौका है.
फाइनल से पहले होगी असली परीक्षा
क्वालिफिकेशन राउंड को अक्सर औपचारिक माना जाता है, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में छोटी सी गलती भी महंगी पड़ सकती है. ऐसे में नीरज और नदीम दोनों बिना किसी जोखिम के फाइनल में जगह पक्की करना चाहेंगे. अगर सब कुछ उम्मीद के मुताबिक रहा तो 31 जुलाई की रात दुनिया को जैवलिन थ्रो में एक और यादगार भारत-पाक मुकाबला देखने को मिलेगा. दोनों खिलाड़ी मेडल के लिए अपना पूरा दम लगाएंगे, लेकिन सवाल वही रहेगा... इस बार सबसे दूर किसका भाला जाएगा?
| इवेंट | नीरज चोपड़ा | अरशद नदीम |
|---|---|---|
| दक्षिण एशियाई खेल 2016, गुवाहाटी | पहला स्थान (82.23 मीटर) | तीसरा स्थान (78.33 मीटर) |
| एशियाई जूनियर चैंपियनशिप 2016, हो ची मिन्ह | दूसरा स्थान (77.60 मीटर) | तीसरा स्थान (73.40 मीटर) |
| विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2016, ब्यडगोस्ज़कज़ | पहला स्थान (86.48 मीटर) | 30वां स्थान (67.17 मीटर) |
| एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2017, भुवनेश्वर | पहला स्थान (85.23 मीटर) | सातवां स्थान (78.00 मीटर) |
| राष्ट्रमंडल खेल 2018, गोल्ड कोस्ट | पहला स्थान (86.47 मीटर) | आठवां स्थान (76.02 मीटर) |
| एशियाई खेल 2018, जकार्ता | पहला स्थान (88.06 मीटर) | तीसरा स्थान (80.75 मीटर) |
| टोक्यो ओलंपिक 2020 | पहला स्थान (87.58 मीटर) | पांचवां स्थान (84.62 मीटर) |
| विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022, ओरेगॉन | दूसरा स्थान (88.13 मीटर) | पांचवां स्थान (86.16 मीटर) |
| विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023, बुडापेस्ट | पहला स्थान (88.17 मीटर) | तीसरा स्थान (87.82 मीटर) |
| पेरिस ओलंपिक 2024, फ्रांस | दूसरा स्थान (89.45 मीटर) | पहला स्थान (92.97 मीटर) |
| विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025, टोक्यो | आठवां स्थान (84.03 मीटर) | दसवां स्थान (82.75 मीटर) |
| हेड टू हेड रिकॉर्ड | आंकड़ा |
|---|---|
| कुल मुकाबले | 11 |
| नीरज चोपड़ा आगे | 10 |
| अरशद नदीम आगे | 1 |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं