- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के रामनगर क्षेत्र के कघोट नाले के पास एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
- इस हादसे में 21 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
- उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए तुरंत जीएमसी उधमपुर में भर्ती कराया गया है.
Jammu-Kashmir Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां पर यात्रियों से भरी बस एक पहाड़ी से गिर गई. जानकारी के मुताबिक, रामनगर क्षेत्र के कघोट नाले के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. यह बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी, जिसमें कई यात्री सवार थे. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पोस्ट कर कहा कि हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है और 61 लोग घायल हो गए हैं. इस हादसे में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए. इस दौरान स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए.
उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद घायल यात्रियों को इलाज के लिए तुरंत जीएमसी उधमपुर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.

Photo Credit: PTI
अब तक 21 की मौत, 61 घायल
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक एक्स पोस्ट में कहा, "अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 61 लोग घायल हुए हैं. घायलों को उधमपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सरकारी मेडिकल कॉलेज, जम्मू ले जाया जा रहा है. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है. मेरा कार्यालय लगातार संपर्क में है."
Further Update Accident Ramnagar- Udhampur:
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) April 20, 2026
21 casualties so far and 61 injured. Injured have been shifted to Udhampur Hospital while the one more seriously injured is being airlifted to Government Medical college Jammu.
My sincere condolences to the bereaved families.
All…
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: पहलगाम हमले की बरसी से पहले कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ी
मौके पर पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें DIG उधमपुर-रियासी रेंज और SSP उधमपुर भी शामिल हैं, घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. बचाव दल बस में फंसे यात्रियों को निकालने और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में जुटा हुआ है.

Photo Credit: PTI
PM मोदी ने की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना को लेकर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
इस दुर्घटना के बाद पीएम मोदी एक्स पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ. मैं अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय कल्याण कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
Pained to hear about the loss of lives due to a bus accident in Udhampur, Jammu and Kashmir. I extend my heartfelt condolences to those who have lost their near and dear ones. I pray for the speedy recovery of the injured.
— PMO India (@PMOIndia) April 20, 2026
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to…
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर जताया दुख
इसी बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की ओर से भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है. सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि उधमपुर में हुआ यह सड़क हादसा बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाला है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए.
गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना के बाद उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की और कहा कि गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है. मंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस के कानोटे गांव में एक घंटे से भी कम समय पहले हुए दुखद सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर मैंने अभी-अभी उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की.''
Just now spoke to DC Udhampur, Sh Minga Sherpa after learning about a tragic road accident, less than an hour ago, at village Kanote, involving a public transport bus on way from Ramnagar to Udhampur .
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) April 20, 2026
The rescue operation has been immediately undertaken. Heavy casualties…
उन्होंने कहा, ‘‘तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया है. काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है. हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है. घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा. गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है.”
सिंह ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और बचाव अभियान में शामिल भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं