पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) ने एक लंबी अवधि के बाद अपनी पुरानी फॉर्म पा ली है. मौजूदा समय में वह पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) में शिरकत कर रहे हैं. टूर्नामेंट का एक मुकाबला बीते रविवार (19 अप्रैल) को पेशावर जाल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच कराची में खेला गया. यहां पेशावर जाल्मी की तरफ से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबर आजम शतक जड़ने में कामयाब रहे. मैच के दौरान 31 वर्षीय बल्लेबाज ने एक विशेष उपलब्धि भी हासिल की. वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. बाबर से पहले यह वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज था. जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 12000 के आंकड़े को 344 पारियों में हासिल किया था. मगर बाबर ने 338 पारियों में ही 12000 के आंकड़े को छूते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया है. तीसरे स्थान पर विराट कोहली काबिज हैं. जिन्होंने 360 पारियों में 1200 रन बनाए हैं.
बाबर ने 192.30 की स्ट्राइक रेट से जड़ा शतक
अक्सर स्ट्राइक रेट पर सवाल उठने वाले बाबर आजम ने बीते कल अपनी विस्फोट बल्लेबाजी से भी सबका मुंह बंद कर दिया है. पेशावर जाल्मी की तरफ से उन्होंने 52 गेंदों में 192.30 की स्ट्राइक रेट से शतक जड़ा. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से छह चौके और चार खूबसूरत छक्के देखने को मिले. मैच के दौरान वह नाबाद रहे.
We've waited so long to see him reach triple figures, and it feels amazing to watch my man score a brilliant 100.
— Hafeez Ghazi (@hafeezghazi5) April 19, 2026
Well played, King Babar Azam!"#BabarAzam #Psl #PZvsQG pic.twitter.com/bteT6C5mEq
783 दिनों बाद बाबर के बल्ले से निकलता शतक
बाबर के बल्ले से यह शतकीय पारी 783 दिनों बाद निकली है. यह उनके टी20 करियर का 12वां शतक है. मौजूदा समय में वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर स्थित हैं. पहले स्थान पर गेल का नाम आता है. जिन्होंने टी20 क्रिकेट में कुल 22 शतक लगाए हैं. पिछली बार बाबर के बल्ले से टी20 शतक फरवरी 2024 में देखने को मिला था.
255 रन बनाने में कामयाब रही पेशावर जाल्मी
बाबर की शतकीय पारी के बदौलत पेशावर जाल्मी की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाने में कामयाब हुई थी. उनके अलावा तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुसल मेंडिस ने 44 गेंदों में 83, जबकि पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए एरोन हार्डी ने 10 गेंदों में नाबाद 26 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम 18.1 ओवरों में 137 रनों पर ढेर हो गई. छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए बेवॉन जैकब्स ने 27 गेंदों में 34 रनों की सर्वाधिक पारी खेली. मगर टीम की जीत के लिए यह काफी नहीं था. नतीजन टीम को 118 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- ऋषभ पंत का ब्लंडर, चंद सेकेंड की चूक, बन गई लखनऊ के डूबने की सबसे बड़ी वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं