विज्ञापन

तेल सप्लाई सामान्य, LPG पैनिक बुकिंग घटी... पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने क्या अपडेट दिया

पेट्रोलियम मंत्रालय ने माना कि एलपीजी को लेकर अभी चिंता है. गैस वितरकों के पास कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन पैनिक खरीदारी कम हुई है. कल केवल 57 लाख रिफिल रिक्वेस्ट मिली थीं और ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94 पर्सेंट तक पहुंच गई है.

तेल सप्लाई सामान्य, LPG पैनिक बुकिंग घटी...  पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने क्या अपडेट दिया
  • पेट्रोलियम मंत्रालय ने माना कि मध्य पूर्व संकट की वजह से एलपीजी की स्थिति अभी भी चिंता का विषय है
  • सरकार ने कहा कि गैस वितरकों के पास अभी भी कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन पैनिक खरीदारी कम हुई है
  • जमाखोरी रोकने को कल देश में 6000 जगहों पर छापेमारी हुई. यूपी में 1100 छापों में 1000 सिलेंडर जब्त किए गए
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों ने गुरुवार को महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. देश में ईंधन की स्थिति को लेकर पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि कच्चे तेल और रिफाइनरी की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी फ्यूल आउटलेट पर ड्राई जैसे हालात यानी ईंधन की कमी नहीं बताई गई है. घरेलू पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति भी 100 प्रतिशत सुचारू है. हालांकि मिडिल ईस्ट से सप्लाई प्रभावित होने का असर भारत पर भी पड़ा है. 

LPG पर चिंता, PNG पर शिफ्ट हो रहे ग्राहक

पेट्रोलियम मंत्रालय ने माना कि एलपीजी की स्थिति अभी भी चिंता का विषय है. गैस वितरकों के पास अभी भी कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन पैनिक खरीदारी कम हुई है. राहत की बात यह है कि पैनिक बुकिंग में काफी कमी आई है. कल केवल 57 लाख रिफिल रिक्वेस्ट मिली थीं और ऑनलाइन बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है. सरकार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 5600 से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन लिए हैं. मंत्रालय ने उन एलपीजी उपभोक्ताओं से भी पीएनजी पर शिफ्ट होने का अनुरोध किया, जो ऐसा करने में सक्षम हैं. 

कालाबाजारी, जमाखोरी पर एक्शन

मंत्रालय ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भी ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिस पर कार्रवाई की जा रही है. संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि जमाखोरी रोकने के लिए कल पूरे भारत में 6000 जगहो पर छापेमारी की गई थी. उत्तर प्रदेश में 1100 जगहों पर छापे के दौरान 1000 सिलेंडर जब्त किए गए. मध्य प्रदेश में 1632 छापेमारी में 2300 सिलेंडर सीज किए गए. प्रशासन ने साफ कहा कि आपूर्ति को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

मिडिल ईस्ट संकट का भारत पर भी

सुजाता शर्मा ने कहा कि मिडिल ईस्ट संकट का भारत पर भी असर पड़ा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अपनी 90 प्रतिशत एलपीजी और 47 प्रतिशत एलएनजी कतर से आयात करता है. ऐसे में वहां होने वाली किसी भी हलचल का सीधा असर भारत पर पड़ता है. हम अमेरिका जैसे अन्य सोर्सेज से भी एलपीजी लेने का प्रयास कर रहे हैं. 

देखें- Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 2,496 अंक टूटा, निफ्टी 700 से ज्यादा लुढ़का

होर्मुज में 22 जहाज, 611 भारतीय फंसे

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश सिन्हा ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के पश्चिम में भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज अभी भी फंसे हुए हैं. इन जहाजों पर 611 भारतीय नागरिक हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी जहाज और चालक दल के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. पिछले 24 घंटों में किसी भी प्रकार की समुद्री घटना की सूचना नहीं मिली है, जो राहत का संकेत है.

पश्चिम एशिया से 2.80 लाख यात्री लौटे

इस दौरान विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव असीम आर महाजन ने बताया कि पश्चिम एशिया से उड़ानों की स्थिति में सुधार हो रहा है. 28 फरवरी से लेकर अब तक वहां से 2.80 लाख यात्री भारत लौट चुके हैं. आज भी लगभग 90 उड़ानों के संचालित होने की उम्मीद है. इसके अलावा सेफ विष्णु जहाज पर मौजूद 15 भारतीय नाविकों के भी जल्द ही स्वदेश लौटने की संभावना है.

डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड के चीफ लव अग्रवाल ने पर्शियन गल्फ पोर्ट्स और होर्मुज स्ट्रेट की चुनौतियों पर कहा कि पर्शियन गल्फ पोर्ट का भूगोल और होर्मुज स्ट्रेट ने कुछ चुनौतियां पैदा की हैं. होर्मुज गल्फ कार्गो और एनर्जी फ्लो के लिए एग्जिट कॉरिडोर है. इसी तरह जेबेल अली, हमाद, बंदर अब्बास और फुजैराह में भी एक साथ रुकावट आई. इसका असर यूरोप और अमेरिका जाने वाले कार्गो पर भी पड़ा, खासकर इसलिए क्योंकि लंबे समय तक री-रूटिंग की जरूरत पड़ सकती थी. 

देखें- ईरान से लड़ते-लड़ते अमेरिका इजरायल को क्यों देने लगा धमकी?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com