विज्ञापन

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में रोक दिया बड़ा हमला, INS कोलकाता ने समुद्री लुटेरों को खदेड़ा

INS कोलकाता ने पश्चिमी हिंद महासागर में MV मशाल्लाह-1 पर संभावित समुद्री डकैती को तुरंत कार्रवाई करते हुए रोक दिया. INS कोलकाता इस समय पश्चिमी हिंद महासागर में एंटी-पायरेसी मिशन पर तैनात है.

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में रोक दिया बड़ा हमला, INS कोलकाता ने समुद्री लुटेरों को खदेड़ा
नई दिल्‍ली:

पश्चिमी हिंद महासागर में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS कोलकाता ने संदिग्ध समुद्री डकैती की सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए व्यापारी जहाज MV मशाल्लाह-1 पर हमला होने से बचा लिया. नौसेना ने बताया कि अदन की खाड़ी के पास MV मशाल्लाह-1 के आसपास समुद्री लुटेरों की गतिविधि की जानकारी मिली थी.  ये सूचना मिलते ही मिशन पर तैनात INS कोलकाता ने तुरंत कदम उठाए. 

आईएनएस कोलकाता पर तैनात हेलीकॉप्टर को भेजकर इलाके की हवाई निगरानी की गई. जहाज के कमांडो दस्ते ने MV मशाल्लाह-1 पर बोर्डिंग ऑपरेशन चलाकर जांच की. यह सुनिश्चित किया कि MV मशाल्लाह-1 पर कोई खतरा नहीं है. बता दें कि भारतीय नौसेना 2008 से ही अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती रोकने के लिए लगातार युद्धपोत तैनात कर रही है. इस क्षेत्र से गुजरने वाले व्यापारी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नौसेना की प्राथमिकता है. 

Latest and Breaking News on NDTV

INS कोलकाता इस समय पश्चिमी हिंद महासागर में एंटी-पायरेसी मिशन पर तैनात है. नौसेना की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों को सुरक्षित रखने की भारत की प्रतिबद्धता सामने आई है.

ये भी पढ़ें:- न गोला बरसेगा, न चलेगी मिसाइल... एक 'बीम' और दुश्मन का ड्रोन स्वाहा! जानिए क्या है नौसेना की नई HPM तकनीक

समुद्री डकैती की कोशिश नाकाम

दरअसल, पश्चिमी हिंद महासागर में व्यापारी जहाज एमवी माशाअल्लाह 1 के आसपास समुद्री डाकू घेराबंदी की तैयारी में थे. इस बीच भारतीय नौसेना को समुद्री डाकुओं की गतिविधियों की सूचना मिली. यह जानकारी मिलने पर भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित खतरे को विफल कर दिया. भारतीय नौसेना की इस तेज और सतर्क प्रतिक्रिया से व्यापारी जहाज की सुरक्षा सुनिश्चित हुई तथा संभावित समुद्री डकैती की बड़ी घटना टल गई. भारतीय नौसेना के अनुसार, जैसे ही क्षेत्र में संदिग्ध समुद्री गतिविधियों की जानकारी मिली, आईएनएस कोलकाता को तत्काल स्थिति का आकलन करने और व्यापारी पोत की सुरक्षा के लिए सक्रिय किया गया. भारतीय युद्धपोत ने तेजी से मौके की ओर बढ़ते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जांच की और अपनी मौजूदगी से समुद्री डाकुओं के इरादों को नाकाम कर दिया. इस कार्रवाई के दौरान व्यापारी जहाज एमवी माशाअल्लाह 1 को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया गया.

नौसेना का उद्देश्य व्यापारी जहाजों की सुरक्षा, समुद्री डकैती पर नियंत्रण 

नौसेना ने बताया कि इस दौरान पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी गई. नौसैनिकों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण किसी भी प्रकार की क्षति या अपहरण जैसी घटना नहीं हुई. भारतीय नौसेना ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में वह प्रमुख सुरक्षा भागीदार और प्रथम प्रतिक्रिया बल की भूमिका निभाते हुए लगातार समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है. नौसेना का उद्देश्य व्यापारी जहाजों की सुरक्षा, समुद्री डकैती पर नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों को सुरक्षित बनाए रखना है. हाल के वर्षों में पश्चिमी हिंद महासागर और अदन की खाड़ी के आसपास समुद्री डकैती की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है. ऐसे में भारतीय नौसेना लगातार अपने युद्धपोतों और समुद्री निगरानी संसाधनों की तैनाती कर क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है. आईएनएस कोलकाता की यह कार्रवाई भारतीय नौसेना की त्वरित संचालन क्षमता और समुद्री सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

ये भी पढ़ें:- समंदर में भी बढ़ेगी भारत की ताकत, होने वाली है 70 हजार करोड़ की पनडुब्बी डील, चीन-पाक की बढ़ेगी टेंशन!

रक्षा विशेषज्ञों का कहना है नौसैनिक बल समुद्री सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है. वहीं विभिन्न अवसरों पर स्वयं नौसेना प्रमुख ने स्पष्ट किया है कि आज समुद्री चुनौतियां एक देश तक सीमित नहीं हैं. चाहे फिर वह समुद्री डकैती हो, तस्करी, आतंकवाद या प्राकृतिक आपदा. उनका कहना है कि इनसे निपटने के लिए साझा रणनीति और संयुक्त कार्रवाई जरूरी है. गौरतलब है कि हाल ही के दिनों में भारतीय नौसेना ने विभिन्न मित्र राष्ट्रों के साथ मिलकर समुद्री डकैती के खिलाफ कई सैन्य अभ्यास भी किए हैं. इन सैन्य अभ्यासों का उद्देश्य आपसी समन्वय को मजबूत करना और ऐसी किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहना है.

लेखक के बारे में
img
तिलकराज
Deputy News Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Navy, MV Mashallah 1, Indian Navy Aborts Major Attack, Indian Ocean
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com