विज्ञापन

अभिजीत दीपके ने बताया- क्यों CJP ने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से बनाई दूरी

अभिजीत दीपके ने कहा कि हम प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके प्रति एकजुटता जताते हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन है. यह एक तटस्थ मंच है और हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं.

अभिजीत दीपके ने बताया- क्यों CJP ने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से बनाई दूरी
  • सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन की रैली का समर्थन किया है
  • सीजेपी स्वतंत्र संगठन है और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन में सीधे भाग नहीं लेगा, लेकिन समर्थन जारी रखेगा
  • अभिजीत दीपके ने ममता बनर्जी से मुलाकात कर उनके समर्थन और युवा आंदोलन में सहयोग के लिए आभार जताया
नई दिल्ली:

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ‘वोट चोरी' के आरोप को लेकर ‘इंडिया' गठबंधन की रैली को अपना समर्थन दिया है. हालांकि दीपके ने कहा कि सीजेपी अपनी स्वतंत्र पहचान बरकरार रखेगी और रविवार को हो रहे विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी. उन्होंने कहा कि ये मुद्दा किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है और सीजेपी वोट चोरी के खिलाफ लड़ने वाले सभी संगठनों का समर्थन करेगी. जो भी इस वोट चोरी के खिलाफ लड़ेगा, हम सभी संगठनों का समर्थन करेंगे.

दीपके ने रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में सीजेपी की भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि संगठन प्रदर्शन का समर्थन करता है लेकिन स्वतंत्र रूप से काम करना जारी रखेगा. उन्होंने कहा, “हम रविवार को प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके प्रति एकजुटता जताते हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन है. यह एक तटस्थ मंच है और हम इसे ऐसा ही बनाए रखना चाहते हैं.”

Latest and Breaking News on NDTV

इससे पहले शनिवार को दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात कर अभिजीत दीपके ने संगठन के प्रदर्शनों का समर्थन करने के लिए उनका आभार जताया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी से मुलाकात कर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर संगठन के पहले प्रदर्शन के दौरान समर्थन और सौरभ दास व आशुतोष रांका की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के समय साथ देने के लिए उनका आभार जताया.

अभिजीत ने कहा, “मैं सिर्फ दीदी को धन्यवाद देने आया था क्योंकि जंतर-मंतर पर हमारे पहले आंदोलन के दौरान उन्होंने (ममता बनर्जी ने) हमारा समर्थन किया था. वह हमेशा युवा आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी रहीं. जब दिल्ली पुलिस ने सौरभ और आशुतोष को गिरफ्तार किया, तब भी दीदी ने हमारा मजबूती से साथ दिया.”

दिल्ली में मौजूद ममता बनर्जी, ने 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में दीपके और युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि सीजेपी ने रैली के लिए अपना पूरा समर्थन दिया है, और हमने भी उन्हें पूरा समर्थन दिया है. वे इस आंदोलन के सूत्रधार और संस्थापक हैं. हमें यह बात याद रखनी चाहिए.

बनर्जी ने कहा कि उन्हें इन कार्यकर्ताओं से मिलकर खुशी हुई और उन्होंने मुश्किलों के बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी रखने के उनके प्रयासों की तारीफ की. उन्होंने दीपके और अन्य लोगों को पश्चिम बंगाल आने और वहां कार्यक्रम आयोजित करने का न्योता भी दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे कोलकाता में कोई कार्यक्रम करेंगे, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला उन्हीं पर निर्भर है.

इसे भी पढ़ें: 4000 जवान, 200 CCTV, 14 सुरक्षा जोन... रामलीला मैदान में आज INDIA गठबंधन की रैली, दिल्ली पुलिस भी तैयार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
INDIA Bloc Rally, INDIA Bloc Rally Delhi, INDIA Bloc Rally LIVE, Abhijeet Dipke News, Ramlila Maidan Congress Rally
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com