- इमरान मसूद ने शेर के जरिए एसपी पर तंज किया तो प्रतापगढ़ी ने शायरी से ही दिया जवाब.
- प्रतापगढ़ी ने सहारनपुर के शायर नवाज़ देवबंदी का शेर पोस्ट किया- 'अच्छा है खामोश रहो.'
- मसूद के बयान के थोड़ी देर बाद ही प्रतापगढ़ी का पोस्ट आया है.
यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही गठबंधन की बातचीत के बीच सियासी गलियारे शायराना हो गए हैं. एक तरफ इमरान मसूद ने शेर के जरिए समाजवादी पार्टी पर तंज किया तो दूसरी तरफ कांग्रेस से ही राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी शायरी के जरिए अपनी बात कही है. यहां खास बात यह है कि इमरान प्रतापगढ़ी ने अपनी ही पार्टी के लोकसभा सांसद इमरान मसूद पर इशारों-इशारों में निशाना साधा है.
इमरान प्रतापगढ़ी ने शायरी के जरिए इमरान मसूद जैसे नेताओं को बेवजह की बयानबाजी से बचने की नसीहत दे दी है. रोचक बात यह है कि इमरान प्रतापगढ़ी ने मसूद को 'संदेश' देने के लिए सहारनपुर से ही ताल्लुक रखने वाले शायर नवाज़ देवबंदी के शेर को पोस्ट किया है.
एैसी वैसी बातों से तो अच्छा है ख़ामोश रहो, या फिर एैसी बात कहो जो ख़ामोशी से अच्छी हो। -नवाज़ देवबंदी
— Imran Pratapgarhi (@ShayarImran) November 25, 2026
इमरान मसूद ने क्या कहा था?
'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी,
उनको शायद मेरी परवाज़ बहुत खलती है.'
सीट बंटवारे की बातचीत के बीच ही समाजवादी पार्टी द्वारा पांच उम्मीदवारों के ऐलान के बाद इमरान मसूद ने शायरी के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होने यह भी कहा कि कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतारेगी, इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है."
इमरान मसूद के बयान के थोड़ी देर बाद ही इमरान प्रतापगढ़ी का पोस्ट आया, जिसमें उन्होंने इशारों-इशारों में कह दिया कि ऐसी-वैसी बातों से अच्छा है कि आप खामोश रहें.
यह भी पढ़ें | समाजवादी पार्टी की लिस्ट पर इमरान मसूद के तल्ख तेवर.. 'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी'
यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, कांग्रेस की मांग वाली सीटों पर भी ऐलान; बढ़ाया दबाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं